
कोटा . हथियार सप्लायर्स ( weapons smuggling ) अब अपराधियों के घरों तक आग्नेय हथियार व गोलियां पहुंचा रहे हैं। ऐसे में शहर में आए दिन अवैध हथियार ( illegal weapons ) दिखाकर धमकाने व फायरिंग के मामले सामने आ रहे हैं। बढ़ते अपराध के चलते कोटा के लोग खौफजदा हैं। उधर पुलिस हथियार खरीदारों को तो पकड़ रही है, लेकिन इनको सप्लाई करने वाले व बनाने वाले हाथ नहीं लगते। शहर में अब तक बीते करीब साढ़े छह महीनों में 17 जुलाई तक 46 प्रकरण दर्ज किए। जिसमें 48 जनों को गिरफ्तार कर 47 आग्नेय शस्त्र व 52 गोलियां बरामद की। इसमें सबसे अधिक देसी कट्टे पकड़े गए। इसके अलावा रिवाल्वर ( revolvers ) पिस्टल ( pistols) भी बरामद होने वाले हथियारों में शामिल है। बुधवार को पकड़े गए पांच हथियार व कारतूस भी अपराधियों ने कोटा आकर ही सप्लाई किए थे। ( Home delivery of weapons )
4 से 25 हजार तक के हथियार की डिमाण्ड
शहर में अवैध आग्नेय शस्त्र 4 से 25 हजार तक में बेचे जा रहे हैं। देसी कट्टा चार से छह हजार रुपए में अवैध बाजार में आसानी से उपलब्ध हो रहा है, तो रिवाल्वर 10 से 15 हजार तक अपराधियों को उपलब्ध हो जाती है। पिस्टल 20 से 25 हजार रुपए में अपराधियों तक पहुंच जाती है। वहीं हथियार के हिसाब से गोलियां भी अपराधियों तक सप्लायर्स पहुंचा देते हैं।
एमपी व यूपी से आ रहे हथियार
अपराधी मध्यप्रदेश व उत्तरप्रदेश से हथियार लाते हैं। मध्यप्रदेश में गुना, बीना, ग्वालियर, झांसी, खरगौन व आसपास के क्षेत्रों में हथियार बनाए जा रहे हैं। इसके अलावा उत्तरप्रदेश में हाथरस व मेरठ, अलीगढ़, इटावा व मैनपुरी से भी हथियार कोटा पहुंच रहे हैं। यहां अपराधी न केवल हथियार बना रहे हैं, बल्कि हथियार सप्लाई भी कर रहे हैं। ऐसे में हर 4 दिन में आग्नेय हथियार बरामद हो रहा है, धारदार हथियार तो हर 9 घंटे बीतने से पहले बरामद हो जाता है।
एक माह में आधा दर्जन से अधिक बार फायरिंग
शहर में पिछले एक माह में आधा दर्जन से अधिक फायरिंग की वारदातें सामने आ चुकी है। किशोरपुरा थानाक्षेत्र में फायरिंग की सबसे अधिक वारदातें पिछले एक माह में सामने आई। इसके अलावा जवाहर
नगर, महावीर नगर व गुमानपुरा में भी फायरिंग के मामले सामने आए। पिस्टल से डराकर किए अपराधों की संख्या में भी बढ़ोत्तरी हो रही है। इसमें किशोरपुरा में पिस्टल अड़ाकर दुल्हन का अपहरण, कॉमर्स कॉलेज में छात्र पर फायरिंग, किशोरपुरा में दो गुटों में आपस में फायरिंग, महावीर नगर में युवक के घर जाकर फायरिंग व किशोरपुरा में बाइकर्स द्वारा युवक पर फायरिंग के मामले शामिल हैं।
एक दिन में पांच आग्नेय हथियार बरामद
पुलिस ने पिछले दिनों एक ही दिन में तीन मामलों में पांच आग्नेय हथियार व 9 कारतूस बरामद किए। इसमें किशोरपुरा व गुमानपुरा पुलिस ने दो कट्टे व चार कारतूस, गुमानपुरा पुलिस ने दो कट्टे व तीन कारतूस व किशोरपुरा पुलिस ने एक कट्टा व दो कारतूस बरामद किए।
कट्टे का उपयोग सबसे ज्यादा
शहर में देसी कट्टा सर्वाधिक चलन में है। देसी कट्टा नल के पाइप, स्प्रिरिंग व इसमें उपयोग होने वाले उपकरण लोकल होते हैं, जो सेनेटरी व ऑटोमोबाइल क्षेत्र में काम आने वाले पुर्जों के जुगाड़ से बना लिए जाते हैं। अवैध हथियार बनाने वाले इन्हें आसानी से बना लेते हैं। जबकि रिवाल्वर व पिस्टल हथियार बनाने के एक्सपर्ट ही बनाते हैं या ये अन्य देशों तक से सप्लाई होते हैं।
कर रहे हैं कार्रवाई
अवैध हथियार के मामले में पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने अब तक करीब 47 आग्नेय समेत कुल छह सौ धारदार हथियार बरामद किए हैं। हथियार की खरीदारी करने वालों के अलावा इसके बेचने व सप्लाई करने वालों के बारे में भी पुलिस कार्रवाई कर रही है। इसमें सफलता भी मिलती है। बाहर से राज्यों से हथियार बेचने वालों के खिलाफ भी पुलिस कार्रवाई कर रही है।
दीपक भार्गव, एसपी सिटी