देशी-विदेशी पर्यटकों को कोटा के हैरीटैज के साथ-साथ रेगिस्तान के हैरीटैज से भी मुखाबित करवाने के लिए जैसलमेर की बेजोड स्थापत्य कला का नमूना सालिम सिंह की हवेली का मॉडल भी कोटा में तैयार हो रहा है। नगर विकास न्यास इसे तैयार करवा रहा है। जैसलमेर से आए कारीगर इस खूबसूरत मॉडल को बनाने में जुटे हुए है।
कोटा. नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन मंत्री शांति धारीवाल की पहल पर कोटा को पर्यटन नगरी बनाने के लिए किए जा रहे विकास और सौंदर्यीकरण के कार्यों के तहत मरूप्रदेश के पर्यटन को नए आयाम देने के लिए जहां चंबल रिवर फ्रं ट, ऑक्सीजोन सिटी पार्क जैसे प्रोजेक्ट अपना आकार ले रहे है। वही देशी-विदेशी पर्यटकों को कोटा के हैरीटैज के साथ-साथ रेगिस्तान के हैरीटैज से भी मुखाबित करवाने के लिए जैसलमेर की बेजोड स्थापत्य कला का नमूना सालिम सिंह की हवेली का मॉडल भी कोटा में तैयार हो रहा है। नगर विकास न्यास इसे तैयार करवा रहा है। जैसलमेर से आए कारीगर इस खूबसूरत मॉडल को बनाने में जुटे हुए है। नगर विकास न्यास ने सीवी गार्डन एवं किशोर सागर तालाब के बीच इस बेहद खूबसूरत हवेली के मॉडल का निर्माण करवा रहा है।
7.33 करोड़ होंगे खर्च
नगर विकास न्यास के सचिव राजेश जोशी ने बताया कि इसका निर्माण 7.33 करोड़ के बजट से करवाया जा रहा है। जैसलमेर स्टोन पर खूबसूरत नक्काशी के साथ 5 मंजिला हवेली के मॉडल का निर्माण कार्य गतिशील है। जैसलमेर से आए कारीगर पत्थर पर बेजोड़ कलात्मक कारीगरी कर इस खूबसूरत इमारत को अंजाम तक पहुंचाने में जुटे हुए है।
ऐसी बनेगी हवेली
17 मीटर उंची और 9 गुणा 12 इसका साइज है। जिसमें आकर्षक झरोखे, मेहराब, छतरियां, झूमर, तोडियां, आकर्षक लाइटिंग सालिम सिंह की हवेली के मॉडल को आकर्षक करेगी और चंबल किनारे कोटा में रेगिस्तान के हैरीटैज के दर्शन पर्यटकों को हो सकेंगे। इस आकर्षण मॉडल में पर्यटकों के लिए सीढिय़ां और लिफ्ट दोनों सुविधाएं मुहैया करवाई जाएगी।
यह कारीगर कर रहे तैयार
जैसलमेर से कोटा सालिम सिंह की हवेली का मॉडल तैयार करने आई टीम के सदस्य इस्बाब खान बताते है कि हेरिटेज लुक के साथ सालिम सिंह की हवेली के मॉडल का निर्माण किया जा रहा है। कोटा के साथ-साथ जैसलमेर में भी करीब 25 कारीगर जैसलमेर स्टोर पर आकर्षक कलात्मकता के साथ मॉडल पर लगाए जाने वाले स्टोन पर महीन कारीगरी कर मॉडल को हुबहू बनाने में जुटे हुए है।
इस्बाब ने बताया कि कोटा से पूर्व उनकी टीम ने जैसलमेर के साथ जयपुर, कोलकाता, उदयपुर सहित देश में कई जगहों पर जैसलमेर स्टोन पर कलात्मक कारीगर कर कई खूबसूरत इमारतों का निर्माण किया है। कोटा में बनाए जा रही यह इमारत भी राजस्थान के हेरिटेज का बखूबी अहसास पर्यटकों को कराएगी।