कोटा

तिथियों में बदलाव, अब 21 अप्रेल से 4 मई के मध्य होगी जेईई मेन परीक्षा

बोर्ड परीक्षाओं के टकराव की आपत्तियों के चलते बदली तिथि  

less than 1 minute read
Mar 14, 2022
तिथियों में बदलाव, अब 21 अप्रेल से 4 मई के मध्य होगी जेईई मेन परीक्षा

कोटा. देश की सबसे बड़ी इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मेन-2022 की तिथियों में बदलाव किया गया है। इसकी सूचना सोमवार सुबह जेईई-मेन व एनटीए की वेबसाइट पर जारी की गई। इस वर्ष यह परीक्षा अप्रेल और मई में दो बार में करवाई जा रही है।

जेईई-मेन का पहला चरण 16 से 21 अप्रेल के मध्य प्रस्तावित था, परन्तु विद्यार्थियों की बोर्ड परीक्षाओं के टकराव की आपत्तियों के चलते इन परीक्षा तिथियों में बदलाव किया गया है। अब यह परीक्षा 21 अप्रेल से 4 मई के मध्य होगी। इसमें 21, 24, 25 व 29 अप्रेल तथा 1 व 4 मई के मध्य परीक्षा का नया कार्यक्रम जारी किया गया है।

12वीं की कई स्टेट बोर्ड की परीक्षाएं मार्च एवं अप्रेल में होनी हैं, जिसके चलते पूर्व में 16 से 21 अप्रेल के मध्य प्रस्तावित तिथियों में जेईई-मेन किसी न किसी बोर्ड की परीक्षा तिथि से टकरा रही थी। जैसे राजस्थान बोर्ड में 16 अप्रेल को बॉयोलॉजी की परीक्षा होनी है। अब तक जेईई-मेन 2022 के लिए 3 लाख 50 हजार से ज्यादा विद्यार्थी पंजीकृत हो चुके हैं। इस तिथि परिवर्तन के बाद अब जेईई-मेन के पहले और दूसरे चरण के मध्य मात्र 19 दिन का समय रह जाएगा।

इससे पूर्व जारी की गई तिथियों में विद्यार्थियों को एक माह से अधिक का समय मिल रहा था। नोटिफिकेशन में एक बार फिर यह स्पष्ट कर दिया है कि विद्यार्थियों को आवेदन में हुई कोई भी त्रुटि को सुधारने का मौका नहीं दिया जाएगा। इस वर्ष आवेदन के बाद कोई करेक्शन विण्डो ओपन नहीं होगी।

Published on:
14 Mar 2022 07:41 pm
Also Read
View All