
E-Bus Route In Kota: कोटा शहर की सड़कों पर प्रधानमंत्री ई बस योजना के तहत में ई-बसों के संचालन को लेकर नगर निगम ने रूट निर्धारण कर लिया है। शहर में कोटा विकास प्राधिकरण की सीमा को कवर करते हुए 20 मार्गों पर ई-बसों का संचालन किया जाएगा। शहर में 100 ई-बसों का संचालन किया जाना है। सुभाष नगर के निकट नगर निगम की ओर से ई-बस स्टैण्ड का काम अंतिम चरण में चल रहा है। बस स्टैण्ड का काम पूरा करने की डेडलाइन जून 2026 है।
ऐसे में यहां बिल्डिंग साइड का काम, चार्जिंग स्टेशन, मुख्य द्वार समेत फिनिशिंग का काम शुरू हो गया है। बस स्टैण्ड का काम पूरा होने के साथ कोटा को ई-बसें मिल सकती है। ऐसे में इन बसों के संचालन के लिए चालक व परिचालक लगाने, बस के स्टॉपेज का काम किया जा रहा है, जबकि बसों के संचालन के लिए 20 रूट तय कर लिए गए है। कोटा में दो आकार की बड़ी व मीडियम साइज की बसों का संचालन यात्री भार के अनुसार किया जाएगा। बसों के संचालन के लिए शहर में भी प्रमुख स्थानों पर चार्जिंग प्वाइंट लगाए जाएंगे।
सरकार की ओर से पेट्रोल-डीजल बचाने के लिए ई-व्हीकल पर जोर दिया जा रहा है। इसके अलावा प्रदूषण रोकने व डीजल की बचत को लेकर भी सरकार फोकस कर रही है। ऐसे में ई-बसों के संचालन की क्रियान्विती को लेकर भी कवायद युद्ध स्तर पर चल रही है।
कोटा में नगर निगम की ओर से ई-बसों का संचालन कोटा बस सर्विस लिमिटेड (केबीएसएल ) के माध्यम से किया जाएगा। बाद में 8 शहरों में एक केन्द्रित एजेंसी के माध्यम से भी संचालित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है।
राज्य के 8 शहरों को 1150 ई-बसें आवंटित की जाएगी। इसमें जयपुर में 450, जोधपुर और बीकानेर में 125-125, अजमेर, अलवर और कोटा में 100-100, उदयपुर सीकर और भीलवाड़ा में 50-50 ई-बस संचालित की जानी हैं। बसों का ट्रायल हो चुका है, चार्जिंग स्टेशन समेत अन्य सुविधाओं का विकास तेज गति से किया जा रहा है।
कोटा में ई-बस स्टैण्ड का काम अंतिम चरण में है। इसे शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। ई-बसों के संचालन को लेकर तैयारियां चल रही है। कोटा को शीघ्र ही ई-बसें मिलने जाएगी। इसके लिए साथ ही शहरी परिवहन में ई-बसों का संचालन किया जाएगा।
ओम प्रकाश मेहरा, आयुक्त, नगर निगम, कोटा