10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jodhpur: ड्राइविंग टेस्ट देने वालों को राहत, 15 जून से बदलेगा समय, एक घंटे बढ़ी परीक्षण अवधि

Driving Test Timing Change: गर्मी को देखते हुए परिवहन विभाग ने ड्राइविंग टेस्ट के समय में बदलाव किया है। 15 जून से वाहन चालन परीक्षण सुबह और शाम के स्लॉट में होंगे तथा परीक्षण अवधि भी एक घंटे बढ़ाई गई है।

2 min read
Google source verification
Driving Test Timing Change

ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक। फाइल फोटो- पत्रिका

जोधपुर। तेज गर्मी में ड्राइविंग लाइसेंस टेस्ट देने वाले हजारों आवेदकों को अब तेज धूप में इंतजार नहीं करना पड़ेगा। परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने 15 जून से वाहन चालन परीक्षण के समय में बदलाव करते हुए सुबह और शाम के अनुकूल स्लॉट निर्धारित किए हैं। साथ ही बढ़ती आवेदक संख्या और लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए परीक्षण अवधि में एक घंटे की अतिरिक्त बढ़ोतरी भी की गई है।

यह वीडियो भी देखें

जोधपुर के प्रादेशिक परिवहन अधिकारी पीआर जाट ने बताया कि उप मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में 22 मई 2026 को आयोजित समीक्षा बैठक में ग्रीष्मकालीन परिस्थितियों को देखते हुए वाहन चालन परीक्षण के समय में बदलाव के निर्देश दिए गए थे। इसके बाद परिवहन एवं सड़क सुरक्षा विभाग, जयपुर ने सारथी पोर्टल पर नए स्लॉट निर्धारित करने के आदेश जारी किए हैं।

यह रहेगी नई व्यवस्था

नई व्यवस्था के तहत 15 जून से ड्राइविंग टेस्ट के लिए सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा शाम 4 बजे से 7 बजे तक स्लॉट उपलब्ध रहेंगे। इससे पहले वाहन चालन परीक्षण सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित किए जाते थे। नए समय निर्धारण से आवेदकों को दोपहर की गर्मी से राहत मिलेगी और वे अधिक सुविधाजनक समय पर परीक्षण दे सकेंगे।

परीक्षण की अवधि 1 घंटे बढ़ाई

परिवहन विभाग ने केवल समय में बदलाव ही नहीं किया है, बल्कि ड्राइविंग टेस्ट की कुल अवधि में भी एक घंटे की वृद्धि की है। विभाग का कहना है कि वाहन चालन परीक्षण के लिए लगातार बड़ी संख्या में आवेदन प्राप्त हो रहे हैं, जिससे कई मामलों में लंबित प्रकरणों की संख्या बढ़ रही थी। ऐसे में अतिरिक्त समय जोड़ने से प्रतिदिन अधिक आवेदकों का परीक्षण किया जा सकेगा। प्रादेशिक परिवहन अधिकारी ने बताया कि परीक्षण अवधि बढ़ने से लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण होगा और आवेदकों को लाइसेंस प्रक्रिया में अनावश्यक इंतजार नहीं करना पड़ेगा। विभाग का उद्देश्य अधिकतम आवेदकों को समय पर सुविधा उपलब्ध कराना और सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाना है।

गर्मी को देखते हुए लिया गया निर्णय

राजस्थान में इन दिनों तेज गर्मी का दौर जारी है। ऐसे में दोपहर के समय ड्राइविंग टेस्ट देना आवेदकों के लिए चुनौतीपूर्ण साबित हो रहा था। इसे देखते हुए सरकार ने सुबह और शाम के समय परीक्षण आयोजित करने का निर्णय लिया है। विभागीय अधिकारियों का मानना है कि नई व्यवस्था से आवेदकों को राहत मिलने के साथ-साथ ड्राइविंग टेस्ट प्रक्रिया भी अधिक व्यवस्थित और सुचारू हो सकेगी। सारथी पोर्टल पर नए स्लॉट 15 जून से लागू हो जाएंगे और उसी के अनुसार आवेदकों को समय आवंटित किया जाएगा।