कोटा

कोटा में टला बड़ा हादसा, महज 20 सेकंड में भरभराकर गिरी तीन मंजिला इमारत, सामने आया वीडियो

Kota Building Collapse : कोटा शहर के वल्लभबाड़ी क्षेत्र के घोसी मोहल्ले में मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे एक तीन मंजिला इमारत भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे से पहले ही प्लास्टर गिरता देख वहां काम कर रहे मजदूर बाहर निकल गए।
2 min read
May 05, 2026
Kota Building Collapse
फोटो पत्रिका नेटवर्क

Kota Building Collapse : कोटा। शहर के वल्लभबाड़ी क्षेत्र के घोसी मोहल्ले में मंगलवार शाम करीब 4.30 बजे एक तीन मंजिला इमारत महज 20 सेकंड में भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि हादसे से पहले ही प्लास्टर गिरता देख वहां काम कर रहे मजदूर बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इधर, इमारत गिरने से पहले सामने मकान की छत पर खड़े एक युवक ने इमारत गिरते हुए वीडियो बना ली, जो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है।

नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी अमजद खान ने बताया कि कंट्रोल रूम पर शाम को बिल्डिंग गिरने की सूचना मिली। इस पर वे सब्जीमंडी से बचाव टीम लेकर मौके पर पहुंचे। मौके पर पहुंचने पर पाया कि तीन मंजिला भवन का मलबा पड़ा है। इमारत गिरने का अंदेशा होने के कारण यहां काम कर रहे मजदूर पहले ही इससे बाहर निकल चुके थे। इससे हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई। उन्होंने बताया कि यह इमारत जर्जर थी और मरम्मत कार्य चल रहा था। बचाव टीम ने भवन के मलबे का निरीक्षण किया और किसी के हताहत नहीं होने पर बचाव कार्य बंद किया गया। वर्तमान में यह मकान आयशा अंसारी का है, जिसे उन्होंने किन्नरों से खरीदा था।

आरसीसी के कॉलम पर नहीं बनी थी बिल्डिंग, वजन सहन नहीं कर पाई

नगर निगम के अधीक्षण अभियंता कुलदीप प्रेमी ने बताया कि भवन गिरना फिलहाल जांच का विषय है, लेकिन प्रथम दृष्टया वीडियाे देखने से पता लगता है कि भवन आरसीसी के कॉलम स्ट्रक्चर पर नहीं बना था। जर्जर होने के कारण मरम्मत कार्य चल रहा था। भवन कोने के प्लॉट पर तीन मंजिला बना हुआ था। इसके अलावा यह परम्परागत तरीके से लोड बेयरिंग स्ट्रक्चर के तहत बना हुआ भवन था। ऐसे में भवन के ग्राउंड फ्लाेर की दीवारें भवन का वजन सहन नहीं कर पाई और भवन गिर गया।

कुछ मिनटों का मिला समय दे गया जीवनदान

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि मंगलवार को भी मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान शाम को बिल्डिंग का प्लास्टर गिरने लगा। इस पर मजदूर घबराकर चिल्लाते हुए बिल्डिंग से निकले। जानकारी लगने पर लोग भी इमारत से दूर हो गए। सामने की छत से एक युवक इमारत गिरने से पहले ही वीडियो बनाने लगा। इसके साथ ही वह परिजनों और लोगों को भी इससे दूर रहने के लिए लगातार आगाह करता रहा। वीडियो बनाते समय चंद सैकण्ड में ही पूरा भवन भूतल की दीवार गिरने के साथ धराशायी हो गया।

हादसे में कोई जनहानि नहीं

पुलिस उप अधीक्षक योगेश शर्मा ने बताया कि तीन मंजिला मकान गिरने की घटना शाम करीब साढ़े 4 बजे बाद की है। गिरने वाले मकान में रिपेयरिंग का काम चल रहा था। हादसे में कोई जनहानि की सूचना नहीं है। सर्तकता के तौर पर बचाव कार्य चलाया गया। डॉग स्क्वॉड ने भी मौके पर जांच की।

Updated on:
05 May 2026 08:11 pm
Published on:
05 May 2026 06:57 pm