कोटा

Rajasthan: चलती बस में युवती से छेड़छाड़, आरोपी एसआइ सस्पेंड, एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी

राजस्थान के कोटा जिले में चलती बस में युवती से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस मामले में कोटा ग्रामीण पुलिस के कनवास थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर सुरेश चंद शर्मा को निलंबित कर दिया गया है।
2 min read
Jul 28, 2026
Sub Inspector suspended
निलंबित एसआइ सुरेश शर्मा। फोटो पत्रिका नेटवर्क

राजस्थान के कोटा जिले में चलती बस में युवती से कथित छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। इस मामले में कोटा ग्रामीण पुलिस के कनवास थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर सुरेश चंद शर्मा को निलंबित कर दिया गया है। ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने मामले को गंभीर मानते हुए तत्काल प्रभाव से यह कार्रवाई की। आरोपी एसआइ के खिलाफ शहर के एक थाने में छेड़छाड़ और एससी-एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

डीएसपी पूनम चौहान ने बताया कि 24 जुलाई को 57 वर्षीय सुरेश चंद शर्मा अपने गांव से बस के जरिए कोटा आ रहा था। यात्रा के दौरान बूंदी में एक युवती अपनी परिजन महिला के साथ बस में सवार हुई और दोनों आरोपी एसआइ के पास वाली सीट पर बैठ गई। आरोप है कि पहले एसआइ ने युवती से बातचीत शुरू की और बाद में उसके साथ अश्लील हरकतें करने लगा। युवती ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी उससे उलझ पड़ा। इस दौरान बस स्टैंड पर भी हंगामा हुआ था।

एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी

घटना के बाद पीड़िता ने 24 जुलाई को शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसी दिन आरोपी एसआइ को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया था। बाद में जांच के दौरान प्रकरण में छेड़छाड़ और एससी-एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ दी गई। डीएसपी ने बताया कि पीड़िता के न्यायालय में धारा 164 के तहत बयान दर्ज कराए जा रहे हैं। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

वहीं, विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए कोटा ग्रामीण एसपी सुजीत शंकर ने आरोपी सब इंस्पेक्टर सुरेश चंद शर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। डीएसपी डॉ. चौहान ने बताया कि मामले में मौका-नक्शा बनाया गया है और जांच-पड़ताल चल रही है। पीड़िता के बयान न्यायालय में कराए जाने हैं, जिसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी

Updated on:
28 Jul 2026 10:19 am
Published on:
28 Jul 2026 10:19 am