कोटा

मनमानी कीमत वसूल रहे, 5 रुपए का जर्दे का पाउच 100 रुपए में बिक रहा

शहर में कोरोना से बचाव के लिए प्रशासन व पुलिस जहां तमाम तरह के प्रयास कर रहे हैं, वहीं कुछ विक्रेता तम्बाकूयुक्त व धूम्रपान सामग्री बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं।

2 min read
May 10, 2020
मनमानी कीमत वसूल रहे, 5 रुपए का जर्दे का पाउच 100 रुपए में बिक रहा

कोटा. शहर में कोरोना से बचाव के लिए प्रशासन व पुलिस जहां तमाम तरह के प्रयास कर रहे हैं, वहीं कुछ विक्रेता तम्बाकूयुक्त व धूम्रपान सामग्री बेचकर मोटा मुनाफा कमा रहे हैं। सरकार की ओर से तम्बाकूयुक्त व धूम्रपान सामग्री पर रोक व पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई के बावजूद विक्रेता कोरोना काल में इनकी अनुपलब्धता का जमकर लाभ उठा रहे हैं। नशे की लत का शिकार लोग नशे की सामग्री मनमाने दामों पर खरीद रहे हैं।


कोटा सिटी पुलिस ने कोरोना संक्रमण काल में राज्य सरकार की ओर से तम्बाकूयुक्त व धूम्रपान सामग्री पर प्रतिबंध लगाने के बाद इस पर प्रभावी कार्रवाई की। शहर में एेसे मामलों की खुद पुलिस अधीक्षक गौरव यादव मॉनिटरिंग कर रहे हैं। पुलिस की ओर से धूम्रपान व तंबाकूयुक्त सामग्री के मामले में अनंतपुरा थाना प्रभारी व आईपीएस अधिकारी अमित बुड़ानिया ने सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए किराने के सामान के नाम पर 72 लाख रुपए की धूम्रपान सामग्री से भरा ट्रक बरामद किया। इसके अलावा शहर के सभी थानों में पुलिस ने एेसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने अब तक करीब सवा करोड़ रुपए की तम्बाकू व धूम्रपान सामग्री बरामद की है।

कोरोना ने छुड़ाई नशे की लत
शहर में कोरोना के साथ कई लोगों ने नशे की लत भी छोड़ दी। कोरोना संक्रमण काल में लम्बे समय तक शराब नहीं मिलने से कई लोगों ने शराब पीना छोड़ दिया तो कई लोगों ने तम्बाकू व धूम्रपान सामग्री से तौबा कर ली।

100 रुपए का जर्दा, 20 रुपए का गुटखा
तम्बाकू व धूम्रपान सामग्री की कमी के चलते कुछ विक्रेता जर्दे के 5 रुपए के पाउच को 100 रुपए, 5 रुपए का गुटखा 20 रुपए व 10 से 15 रुपए कीमत की सिगरेट 20 से 40 रुपए में चोरी छुपे उपलब्ध करवा रहे हैं। उधर पुलिस थूकने से संक्रमण की आशंका को देखते हुए एेसी सामग्री बेचने वालों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है।

पुलिस को दें सूचना
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि धूम्रपान व तम्बाकू सामग्री समेत किसी भी अपराध की सूचना वे पुलिस के किसी भी अधिकारी व कंट्रोल रूम या उन्हें दे सकते है। इसके लिए पुलिस की मेल, व्हाट्स एप गु्रप, डीएसटी टीम, सीआईडी समेत तमाम टीम जुटी है। पुलिस मित्रों के माध्यम से भी पुलिस एेसी कार्रवाई कर रही है। एेसी सूचनाएं देकर न केवल अपराध रोका जा सकता है, बल्कि लोगों को नशे की लत से भी बचाया जा सकता है।

.......
पुलिस तम्बाकूयुक्त व धूम्रपान सामग्री बेचने के मामले में कड़ी कार्रवाई कर रही है। इस मामले में माल जब्त कर विक्रेता व स्टॉक करने वालों को गिरफ्तार किया जा रहा है। यदि कोई वाहन में ले जाता पाया जा रहा है तो वाहन भी जब्त हो रहा है। - गौरव यादव, पुलिस अधीक्षक, कोटा शहर

Published on:
10 May 2020 06:01 am
Also Read
View All