कोटा

कोटा: तेजस राजधानी में परोसे गए खाने में मिला कॉकरोच, स्वर्ण मंदिर ट्रेन के AC कोच में भी यात्रियों का हंगामा

Indian Railways: कोटा जंक्शन पर पहुंची मुंबई-अमृतसर स्वर्ण मंदिर मेल (12903) में यात्रियों को उस समय भारी परेशानी का सामना करना पड़ा, जब सेकंड एसी कोच में बड़ी संख्या में कॉकरोच मिलने से हंगामा मच गया। वहीं, नई दिल्ली-मुंबई तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12952) में भोजन में भी कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया है।
2 min read
Jul 18, 2026
Indian Railways Cockroach Complaint
ट्रेन में परोसे गए खाने में मिला कॉकरोच। फोटो: पत्रिका

कोटा। कोटा जंक्शन पर पहुंचने वाली मुंबई-अमृतसर स्वर्ण मंदिर मेल (12903) गुरुवार को करीब 4 घंटे 20 मिनट की देरी से पहुंची। देरी का कारण गुजरात के वडोदरा स्टेशन पर सेकंड एसी कोच में कॉकरोचों की भरमार को लेकर यात्रियों का विरोध रहा। इसके अलावा नई दिल्ली-मुंबई तेजस राजधानी एक्सप्रेस (12952) में भोजन में भी कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया है।

स्वर्ण मंदिर मेल एक्सप्रेस के यात्रियों ने बताया कि वे ट्रेन के ए-1 (सेकंड एसी श्रेणी) कोच में यात्रा कर रहे थे। ट्रेन संचालन के साथ ही बड़ी संख्या में कॉकरोच होने से यात्री पूरी रात परेशान रहे। इस मामले में कई बार रेल मदद पर शिकायत की, लेकिन रेल मदद की ओर से कोई सुनवाई नहीं की गई। इससे यात्रियों में रोष उपज गया।

रेल मदद से नहीं मिली मदद

यात्रियों ने बताया कि मुंबई से ही रेल मदद पर लगातार शिकायतें दर्ज कराईं, लेकिन कथित तौर पर समय पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज यात्रियों ने विरोध जताते हुए वडोदरा स्टेशन पर ट्रेन को आगे बढ़ने नहीं दिया। इसके बाद रेलवे ने करीब चार घंटे बाद दूसरा कोच जोड़कर ट्रेन को रवाना किया।

सेकंड एसी की जगह थर्ड एसी में करवाई यात्रा

यात्रियों ने आरोप लगाया कि ट्रेन रोकने के बाद रेलवे अधिकारी सक्रिय हुए और सेकंड एसी के स्थान पर अन्य एसी कोच लगाया गया, लेकिन यह कोच थर्ड एसी का लगा दिया। इससे अधिक रुपए खर्च करने के बावजूद कॉकरोच से परेशान होने, ट्रेन लेट होने और रेलवे की ओर से कमतर श्रेणी के कोच में उन्हें यात्रा करवाई।

करोड़ों का ठेका, फिर भी बदहाल व्यवस्था

यात्रियों ने रेलवे की सफाई व्यवस्था को बदहाल बताते हुए कहा कि मुंबई सेंट्रल मंडल में ट्रेनों में कॉकरोच नियंत्रण और पेस्ट कंट्रोल के लिए करोड़ों का ठेका दिया गया है, इसके बावजूद स्वर्ण मंदिर मेल में हर साल कॉकरोचों की शिकायतें सामने आती है। नियमित निरीक्षण और प्रभावी पेस्ट कंट्रोल नहीं होने से प्रीमियम श्रेणी के एसी कोचों में भी स्वच्छता प्रभावित हो रही है। ट्रेन कोच में एक नहीं कई कॉकरोच थे, ऐसे में यात्री परेशान होते रहे।

इधर, तेजस में खाने की प्लेट में कॉकरोच

इसी तरह नई दिल्ली-मुंबई तेजस राजधानी एक्सप्रेस में (12952) भोजन में भी कॉकरोच मिलने का मामला सामने आया है। दिल्ली से नागदा की यात्रा कर रहे प्रिंस तिवारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए दावा किया कि ट्रेन में परोसे गए भोजन में कॉकरोच मिला। प्रिंस ने पोस्ट के साथ भोजन के पैकेट और कथित कॉकरोच का वीडियो एवं तस्वीरें भी साझा की। प्रिंस ने टेग करते हुए आइआरटीसी और रेल मंत्री से कैटरिंग ठेकेदार के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

Updated on:
18 Jul 2026 10:39 am
Published on:
18 Jul 2026 10:39 am