
Kota Etawah School Bus Fire: इटावा (कोटा): कोटा जिले के इटावा कस्बे के सरोवरनगर में बुधवार सुबह एक निजी स्कूल की बस में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बस चालक की सीट के पास से आग शुरू हुई और देखते ही देखते बस से धुआं उठने लगा। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। सूचना पर पहुंची दमकल टीम ने मोहल्ले के लोगों की मदद से आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, निजी स्कूल की बस सुबह करीब आठ बजे बच्चों को स्कूल पहुंचाने के बाद मुख्य रास्ते पर खड़ी थी। सुबह करीब 8:40 बजे अचानक चालक की सीट के पास आग लग गई। बस से धुआं उठता देख आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। मोहल्ले के लोगों ने नलकूपों की सहायता से आग बुझाने का प्रयास किया और प्रशासन व दमकल विभाग को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची दमकल टीम ने आग पर काबू पाया।
विद्यालय संचालक दीपचंद राठौड़ ने बताया कि बस सुबह आठ बजे बच्चों को स्कूल पहुंचा चुकी थी। इसके बाद करीब 8:40 बजे बस में अचानक आग लग गई। घटना की सूचना प्रशासन को दे दी गई। बस में कोई बच्चा या अन्य व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
बस में आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। आग इतनी तेजी से फैली कि दमकल टीम के मौके पर पहुंचने और आग बुझाने तक बस पूरी तरह जल चुकी थी।