
कोटा। परकोटे के भीतर के शहर को नए कोटा से जोड़ने के लिए सड़क की सौगात शहरवासियों को जल्द मिलेगी। कैथूनीपोल चौराहे से साबरमती कॉलोनी होते हुए यह सड़क अभय कमांड सेटर के सामने सीएडी रोड से मिलेगी। इस सड़क के बनने के बाद नए और पुराने शहर के बीच की दूरी कम हो जाएगी। अभी नया कोटा क्षेत्र से कैथूनीपोल, टिपटा के लिए किशोरपुरा या टीलेश्वर महादेव सर्कल व गुमानपुरा होते हुए जाना पड़ता है।
निगम के अधिकारी व सड़क निर्माण कर रहे ठेकेदार के अनुसार सीधे तौर पर यह सड़क कोटा उत्तर व दक्षिण के बीच सेतु का कार्य करेगी। इस परियोजना पर 11.81 करोड़ रुपए खर्च किए जा रहे है। मार्च तक सड़क निर्माण का कार्य पूर्ण होने की संभावना है। सड़क का निर्माण नगर निगम करवा रहा है। सड़क कैथूनीपोल चौराहे से साबरमती कॉलोनी, आरपीएस कॉलोनी से नाला पार करते हुए, बंजारा कॉलोनी होते हुए अभय कमांड सेंटर के सामने सीएडी रोड पर मिलेगी। सड़क की चौड़ाई कहीं दो लेन व कहीं चार लेन रहेगी। मार्ग में आ रहे मकानों को नहीं छेड़ा जाएगा।
सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। नाले में पिल्लर डाले जा रहे हैं। नहर पर स्टील ब्रिज बनाया जा रहा है। ब्रिज को इस तरह से बनाया जा रहा है ताकि भविष्य में सड़क को चौड़ा किया जा सके। सूत्रों के अनुसार अभय कमांड सेंटर पर बाद में आवागमन की सुविधा व दुर्घटनाओं से बचने के लिए केडीए द्वारा चौराहे का निर्माण भी किया जाएगा।
नए और पुराने कोटा की दूरी होगी कम: कैथूनीपोल से अभय कमांड सेंटर तक सीधा रास्ता मिलने से दोनों शहरों के बीच आवागमन आसान होगा।
लंबा चक्कर लगाने से मिलेगी मुक्ति: अभी नए कोटा से कैथूनीपोल और टिपटा जाने के लिए किशोरपुरा, टीलेश्वर महादेव सर्कल या गुमानपुरा होकर जाना पड़ता है।
समय और ईंधन की होगी बचत: सीधा मार्ग मिलने से वाहन चालकों को कम दूरी तय करनी पड़ेगी। इससे समय और पेट्रोल-डीजल दोनों बचेंगे।
कोटा उत्तर-दक्षिण के बीच बेहतर कनेक्टिविटी: सड़क दोनों क्षेत्रों के बीच वैकल्पिक और सुविधाजनक संपर्क मार्ग उपलब्ध कराएगी।
कॉलोनियों को मिलेगा सीधा रास्ता: साबरमती कॉलोनी, आरपीएस कॉलोनी और बंजारा कॉलोनी के आसपास के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
कैथूनीपोल से अभय कमांड सेंटर तक बनाई जा रही सड़क काफी उपयोगी साबित होगी। कार्य जल्द करने के निर्देश दिए हैं। कार्य तेजी से करवाया जा रहा है। अगले वर्ष मार्च तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
-भुवनेश नवारिया, सहायक अभियंता, नगर निगम