कोटा

कोटा: मां के आंचल में आने से पहले छिन गया साथ, दिवाली के दिन बेटी को जन्म देकर दुनिया से विदा हो गई प्रीति

कोटा में दिवाली के दिन बेटी को जन्म देने के बाद 36 वर्षीय प्रसूता की मौत हो गई। सिजेरियन डिलीवरी के दो घंटे बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। गंभीर पीलिया के कारण लीवर और किडनी फेल होने से महिला ने दम तोड़ दिया।
3 min read
• •
Updated: 13 Nov 2026, 10:10 AM IST
Kota Pregnant Woman Death
मृतका प्रीति (Photo-Patrika)

कोटा. दिवाली के दिन जिस घर में बेटी के जन्म की खुशियां मनाई थी, वहां अब मातम पसरा है। बूंदी जिले के इन्द्रगढ़ निवासी 36 वर्षीय प्रीति अपनी नवजात बेटी को जन्म देने के बाद जिंदगी की जंग हार गई। बेटी के जन्म के दो घंटे बाद ही प्रीति को सांस लेने में परेशानी होने लगी थी। परिवार को उम्मीद थी कि इलाज के बाद वह जल्द स्वस्थ होकर अपनी बच्ची को गोद में खिलाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। गंभीर पीलिया के बाद उसका लीवर और किडनी फेल हो गए। तीन दिन तक एमबीएस अस्पताल के मेडिसिन आइसीयू में जिंदगी और मौत से संघर्ष करने के बाद गुरुवार को आखिरकार उसका दम टूट गया। जानकारी के अनुसार, प्रीति को 8 नवंबर को दिवाली के दिन प्रसव पीड़ा होने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे थे। पहले इंद्रगढ़ अस्पताल ले जाया गया, जहां से कोटा के जेके लोन अस्पताल रेफर कर दिया गया।

यहां सिजेरियन ऑपरेशन के बाद उसने बेटी को जन्म दिया। परिवार के लिए यह पल खुशियों से भरा था, लेकिन कुछ ही घंटों में हालात बदल गए। डिलीवरी के दो घंटे बाद प्रीति को सांस लेने में परेशानी होने लगी। इसके बाद उसकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई।

पहले पीलिया बताया, फिर लीवर-किडनी फेल होने की बात कही

प्रीति के पति भंवरलाल ने बताया कि शुरुआत में डॉक्टरों पीलिया होने और हालत गंभीर होने की बात कही। बाद में बताया कि लीवर खराब हो रहा है और किडनी पर भी असर पड़ा है। पिछले तीन-चार दिनों से उसका यूरिन भी पूरी तरह बंद हो गया था। हालत गंभीर होने पर उसे जेके लोन अस्पताल से एमबीएस अस्पताल शिफ्ट किया गया। यहां मेडिसिन आइसीयू में तीन दिन तक उपचार चला, लेकिन चिकित्सक उसे बचा नहीं सके।

गर्भावस्था में बीपी का इलाज नहीं होने की बात आई सामने

जेके लोन अस्पताल अधीक्षक डॉ. निर्मला शर्मा ने बताया कि प्रीति 8 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे अस्पताल पहुंची थी। यह उसका पहला सिजेरियन ऑपरेशन था और प्रसव पीड़ा शुरू हो चुकी थी। जांच में उसका ब्लड प्रेशर काफी ज्यादा पाया गया। गर्भावस्था के नौ महीनों में उसने इटावा, इंद्रगढ़ और सवाईमाधोपुर में चिकित्सकों को दिखाया था, लेकिन बीपी नियंत्रित करने के लिए नियमित इलाज नहीं हुआ। बाद में इंद्रगढ़ के निजी चिकित्सक ने बीपी की दवा शुरू की थी। अस्पताल में ऑपरेशन के बाद पहले दिन की जांच रिपोर्ट सामान्य थी, लेकिन दूसरे दिन दोबारा जांच कराने पर गड़बड़ी सामने आई। उसे गंभीर पीलिया की शिकायत थी, जिसके चलते लीवर और किडनी फेलियर की स्थिति बनी। एमबीएस अस्पताल की वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. दीप्ति शर्मा व उनकी टीम ने उसका उपचार किया।

कोटा. इंद्रगढ़ निवासी प्रीति के परिजन बेटी को साथ लेकर खड़े

एक महीने में छह प्रसूताओं की मौत

16 अक्टूबर : सिजेरियन डिलीवरी के बाद किडनी फेल होने से प्रसूता रेशमा (40) की मौत हो गई।
17 अक्टूबर : सिजेरियन डिलीवरी के बाद अत्यधिक ब्लीडिंग से रोशन बैरवा की मौत हो गई।
25 अक्टूबर : जेके लोन अस्पताल में बारां जिले के छबड़ा निवासी शबनम बानो (26) की मौत हो गई।
27 अक्टूबर : बारां जिले के शाहाबाद निवासी 25 वर्षीय रेशू भील की मौत हो गई।
9 नवंबर: सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में बारां निवासी प्रसूता पुष्पा बैरवा (28) की मौत हो गई।

मई में पांच प्रसूताओं की हुई थी मौत

इससे पहले 5 मई 2026 को 2020 कोटा में सिजेरियन डिलीवरी के बाद 12 प्रसूताओं की किडनी फेल होने का मामला सामने आया था। इनमें से पायल, ज्योति, पिंकी, प्रिया और शिरीन की मौत हो गई थी। वहीं, रागिनी, धन्नी, सुशीला, चंद्रकला, किरण, पिंकी और आरती को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी।

Updated on:
13 Nov 2026, 10:10 AM IST
Published on: