
कोटा. शहर में अपना घर बनाने का सपना देख रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए) शहर में आवासीय जरूरतों को पूरा करने के लिए 10 नई योजनाएं लॉन्च करने की तैयारी में है। इन योजनाओं में अल्प आय वर्ग से लेकर उच्च आय वर्ग तक के लोगों के लिए आवासीय भूखंड उपलब्ध कराने के साथ मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में फ्लैट की सुविधा भी देने की तैयारी है। सबसे पहले धनतेरस पर शंभूपुरा क्षेत्र में प्रस्तावित आवासीय योजना 'सत्यम शिवम सुन्दरम' लॉन्च करने की तैयारी है। इस योजना को राज्य सरकार से स्वीकृति मिल चुकी है। केडीए की प्रस्तावित 10 योजनाओं में सबसे ज्यादा पांच योजनाएं शंभूपुरा क्षेत्र में विकसित की जाएंगी। इससे यह क्षेत्र भविष्य में आवासीय विकास के बड़े केंद्र के रूप में उभर सकता है। यहां सत्यम शिवम् सुन्दरम आवासीय योजना के अलावा फार्म हाउस एवं रिसोर्ट योजना, ऑटोमोबाइल स्पेयर पार्ट्स एसोसिएशन के लिए आवासीय योजना, रेस्टिक फार्म हाउस योजना और शंभूपुरा सीए नगर योजना प्रस्तावित है। इन योजनाओं के जरिए अलग-अलग जरूरतों और वर्गों को ध्यान में रखते हुए आवासीय एवं अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।
शंभूपुरा के अलावा शहर के अन्य हिस्सों में भी नई कॉलोनियां विकसित करने की योजना है। केडीए की प्रस्तावित योजनाओं में भदाना के बी-ब्लॉक क्षेत्र में आवासीय योजना, तीरथ क्षेत्र में आवासीय योजना, जमीतपुरा में फार्म हाउस योजना, कैथून रोड स्थित धाकड़खेड़ी में आवासीय योजना और जाखमुंड में आवासीय योजना शामिल हैं। इन योजनाओं के धरातल पर उतरने से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आवासीय विकास को गति मिलने की उम्मीद है।
नई योजनाओं में केवल भूखंड उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं रहते हुए जरूरी आधारभूत सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया जाएगा। प्रस्तावित कॉलोनियों में चौड़ी सड़कें, पार्क, पेयजल, बिजली और अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करनेकी योजना है। इससे आवंटियों को व्यवस्थित आवासीय क्षेत्र उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इसके अलावा व्यावसायिक क्षेत्रों का भी विकास किया जाएगा। ऐसे में क्षेत्र के लोगों को क्षेत्र में ही अन्य आवश्यक सुविधाएं मुहैया हो सकेगी।
केडीए की इन योजनाओं का उद्देश्य शहर में बढ़ती आवासीय मांग के अनुरूप नए विकल्प उपलब्ध कराना है। भूखंडों के साथ मल्टीस्टोरी बिल्डिंग में फ्लैट की उपलब्धता की तैयारी से विभिन्न आय वर्गों के लोगों को अपनी जरूरत और बजट के अनुसार आवास चुनने का अवसर मिल सकता है। अब इन योजनाओं की लॉन्चिंग और आगे की प्रक्रिया पर शहरवासियों की नजर रहेगी।
सरकार हर व्यक्ति को आवास - सुविधा देने की दिशा में काम कर रही है। ऐसे में कोटा में हर वर्ग का ध्यान रखकर कॉलोनियों की लॉन्चिंग की जाएगी। इसके अलावा व्यावसायिक, फार्म हाउस समेत आवासीय की विभिन्न श्रेणियों में फ्लैट, भूखंड व अन्य आवासीय व व्यावसायिक क्षेत्र उपलब्ध करवाए जाएंगे। सत्यम शिवम सुन्दरम कॉलोनी की राज्य सरकार से स्वीकृति मिल गई है। इसे दीपावली के आसपास लॉन्च करेंगे। इसके अलावा 9 योजना भी प्रगति पर है। औपचारिकताएं पूरी होने के बाद इनकी भी लॉन्चिग की जाएगी।
- बचनेश कुमार अगव्राल, आयुक्त, केडीए, कोटा