कोटा

Kota: चवन्नी के इनामी हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा के 2 मंजिला आलीशान मकान पर चला बुलडोजर, जानें 25 पैसे का इनाम क्यों रखा?

कोटा जिले के सांगोद में 25 पैसे के इनामी हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा की अवैध संपत्तियों पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया। अमृतखेड़ी गांव में सरकारी जमीन पर बने दो मकान ध्वस्त किए गए। छह घंटे चली कार्रवाई में करीब चार बीघा भूमि अतिक्रमण मुक्त कराई गई।

3 min read
Jan 19, 2026
आदिल मिर्जा के आलीशान मकान पर चला बुलडोजर (फोटो- पत्रिका)

सांगोद (कोटा): चवन्नी (25 पैसे) के इनामी हिस्ट्रीशीटर बदमाश आदिल मिर्जा की अवैध संपत्तियों पर रविवार को प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। सांगोद से सटे अमृतखेड़ी गांव में नगर पालिका की सरकारी जमीन पर करीब 10 हजार वर्गफीट में बने एक दोमंजिला सहित दो मकानों को जमींदोज किया गया। कार्रवाई करीब छह घंटे चली और मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।

उल्लेखनीय है कि किशनपुरा और मोड़क क्षेत्र में पुलिस पर फायरिंग के आरोपी आदिल मिर्जा को 11 जनवरी को मोड़क बाइपास स्थित एक खेत से मुठभेड़ के बाद तीन साथियों सहित गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद कोटा ग्रामीण पुलिस ने उसकी अवैध संपत्तियों की पहचान कर नगर पालिका और राजस्व विभाग के सहयोग से नोटिस जारी किए थे।

ये भी पढ़ें

राजस्थान से बड़ी खबर: 25 पैसे के इनामी बदमाश को मारी गोली, पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहा था हिस्ट्रीशीटर

छावनी बना रहा इलाका

कार्रवाई के दौरान पूरा इलाका पुलिस छावनी में तब्दील रहा। हालांकि, किसी तरह का विरोध देखने को नहीं मिला। आसपास सशस्त्र पुलिसकर्मी तैनात रहे। आदिल के घर की तरफ जाने वाले रास्तों को भी पुलिस ने सील कर रखा था। ड्रोन कैमरों की मदद से इलाके की निगरानी रखी गई। शहर के चौराहा और अन्य रास्तों पर भी पुलिस की निगाह रही। करीब सवा सौ पुलिसकर्मी तैनात रहे।

यहां भी चला बुलडोजर

कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने आदिल के दो मकानों के साथ ही नगरपालिका की करीब साढ़े तीन बीघा अन्य भूमि को भी अतिक्रमण मुक्त करवाया। यहां अन्य कई लोगों ने पशुओं के बांधने के बाड़े बना रखे थे। पास ही श्यामपुरा-सांगोद रोड का चौड़ीकरण भी प्रस्तावित है। इस रास्ते में भी कई लोगों ने अतिक्रमण कर रखे थे, जिसे भी अतिक्रमण मुक्त करवाया। वहीं, कई अतिक्रमियों को दो दिन की मोहलत दी गई।

छह घंटे तक चली कार्रवाई

अतिक्रमण हटाने की पूरी कार्रवाई सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक चली। इस दौरान पुलिस उपाधीक्षक नरेंद्र जैन, तहसीलदार जतिन दिनकर, नायब तहसीलदार जुगल नागर, ईओ मनोज मालव समेत कोटा ग्रामीण क्षेत्र के कई थानों के पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। ईओ मालव ने बताया कि कार्रवाई में करीब चार बीघा जमीन को अतिक्रमण मुक्त करवाया गया है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

खूबीराम भी रहा 25 पैसे इनामी

वर्ष 2024 में भरतपुर के तत्कालीन एसपी मृदुल कच्छावा ने वांछित खूबीराम जाट पर भी 25 पैसे का इनाम घोषित किया था। खूबीराम को नौ सितंबर 2025 को गिरफ्तार किया गया था।

25 पैसे इनाम क्यों?

अपराध की प्रकृति के आधार पर इनाम तय किया जाता है। आदिल पर छोटी-मोटी घटनाओं, लोगों को धमकाना और चवन्नी हरकते करता था। इसके चलते उस पर मात्र 25 पैसे का इनाम घोषित किया गया।
-सुजीत शंकर, एसपी, कोटा ग्रामीण

जानें हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा के बारे में

हिस्ट्रीशीटर आदिल मिर्जा मोड़क क्षेत्र का निवासी है। पुलिस पर फायरिंग के बाद फरार हुए आदिल मिर्जा को 11 जनवरी को पुलिस ने गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ फायरिंग, जानलेवा हमला, एससी-एसटी एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कुल 34 मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। 45 वर्षीय आदिल के खिलाफ पहला मामला 1996 में नाबालिग अवस्था में दर्ज हुआ था। वर्ष 2020 तक उस पर 30 प्रकरण दर्ज हो चुके थे, जबकि बीते एक महीने में उसके खिलाफ चार नए केस जुड़े हैं।

ये रही फैक्ट फाइल

-9 बजे सुबह शुरू हुई कार्रवाई
-6 घंटे तक चली
-10 हजार वर्गफीट में बना था दोमंजिला मकान
-4 बीघा जमीन पर था अतिक्रमण
-125 पुलिसकर्मी रहे तैनात

ये भी पढ़ें

Kota: पुलिस-प्रशासन का बुलडोजर एक्शन, इस हिस्ट्रीशीटर की अवैध संपत्तियों पर चलेगा पीला पंजा, नोटिस चस्पा

Updated on:
19 Jan 2026 02:14 am
Published on:
19 Jan 2026 01:43 am
Also Read
View All

अगली खबर