कोटा

कोटा में पंचायत चुनाव: 64.90% मतदान, लाडपुरा में सबसे ज्यादा वोटिंग; 2 गांवों ने किया चुनाव का बहिष्कार

चुनाव विभाग के अनुसार पहले चरण में जिलेभर में शाम 6 बजे तक 64.90 प्रतिशत मतदान हुआ है। नगर निगम चुनाव में 67.66 फीसदी मतदान हुआ था, जो निगम में मुकाबले 2.76 फीसदी कम है।
2 min read
• •
Updated: 23 Oct 2026, 8:44 AM IST
Kota Panchayat Election
वोटिंग के लिए लगी महिलाओं की कतार। फोटो: पत्रिका

कोटा। जिले में गुरुवार को पहले चरण का मतदान शांतिपूर्ण सम्पन्न हो गया। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदान को लेकर सुबह से ही खासा उत्साह देखा गया। महिलाएं सज-संवर कर गीत गाते हुए मतदान के लिए पहुंची। चुनाव विभाग के अनुसार पहले चरण में जिलेभर में शाम 6 बजे तक 64.90 प्रतिशत मतदान हुआ है। नगर निगम चुनाव में 67.66 फीसदी मतदान हुआ था, जो निगम में मुकाबले 2.76 फीसदी कम है।

दोपहर तक मतदान की गति धीमी रही, इसके बाद रफ्तार बढ़ी। जिला परिषद के 19 वार्डों तथा पंचायत समिति लाडपुरा, सांगोद, सुल्तानपुर व इटावा में पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान शांतिपूर्ण हुआ। निर्वाचन पर्यवेक्षक डॉ. हरसहाय मीणा, जिला निर्वाचन अधिकारी पीयूष समारिया तथा ग्रामीण पुलिस अधीक्षक सुजीत शंकर ने जिले में विभिन्न मतदान केन्द्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।

मतदाताओं की कतारें नजर आई

मतदान केंद्रों पर महिला एवं पुरुष मतदाताओं की कतारें नजर आई। ग्रामीण महिलाएं पारम्परिक वेश और आभूषणों से सुसज्जित होकर मतदान को पहुंची। वयोवृद्ध मतदाताओं एवं दिव्यांग मतदाताओं ने मतदान करते हुए लोकतंत्र के उत्सव में अपनी जिम्मेदारी निभाई। वहीं, युवा मतदाताओं में भी खासा उत्साह देखा गया। वरिष्ठ एवं दिव्यांग मतदाताओं के सुलभ मतदान के लिए रैप, व्हीलचेयर एवं सहयोगी की व्यवस्था की गई।

चुनाव पर्यवेक्षक एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। जिला परिषद सदस्य के लिए 19 वार्डों में 4 लाख 48 हजार 947 कुल मतदाता पंजीकृत है। इसमें से 2 लाख 91 हजार 387 मतदाताओं ने मताधिकारी का प्रयोग किया। वहीं चारों पंचायत समितियों में लाडपुरा में सर्वाधिक 70.46 फीसदी मतदान हुआ। जो नगर निगम चुनाव से भी अधिक है।

हार-जीत के आंकड़ों में उलझे रणनीतिकार

मतदान खत्म होने के बाद भाजपा और कांग्रेस के रणनीतिकार आंकड़ों के आधार पर हार-जीत का विश्लेषण करने में जुट गए। रणनीतिकार और प्रत्याशी मतदान प्रतिशत को लेकर अपने-अपने हिसाब से नफे-नुकसान के तराजू में तौलते रहे।

चुनाव का बहिष्कार, नहीं किया मतदान

इटावा पंचायत समिति क्षेत्र के चकटोड़ी व भैरूपुरा गांव के ग्रामीणों ने जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनाव का बहिष्कार करते हुए मतदान नहीं किया। तहसीलदार पीपल्दा सुरेंद्र शर्मा समझाइश करने गांव पहुंचे, लेकिन लोग नहीं माने।

एसडीएम की समझाइश के बाद मतदान

नालोदी गांव को नई ग्राम पंचायत नहीं बनाने से नाराज ग्रामीण सुबह 11 बजे तक बूथों पर मतदान करने के लिए नहीं पहुंचे। इसकी जानकारी मिलने पर उपखंड अधिकारी और पुलिस उपाधीक्षक मौके पर पहुंचे और लोगों से समझाया। इसके बाद मतदान शुरू हुआ।

ईवीएम हुई खराब, नई मंगाई

दरा स्टेशन पर एक बूथ पर मतदान के दौरान ईवीएम खराब हो गई। उस समय केवल 94 लोगों ने ही मत का ही उपयोग किया था। आधे घंटे बाद फिर से सुचारू की गई। इस दौरान मतदाता परेशान होते रहे। अयाना में मतदान के दौरान दोपहर 2 बजे राजकीय विद्यालय के कमरा नंबर 2 में ईवीएम खराब होने से 15 मिनट के लिए मतदान रुका। इसके बाद मशीन बदल कर मतदान शुरू करवाया गया।

कोटा में पंचायत चुनाव मतदान की स्थिति

क्षेत्रकुल मतदातावोट डालेमतदान प्रतिशत
जिला परिषद के 19 वार्ड4,48,9472,91,38764.90%
लाडपुरा79,62956,10970.46%
सुल्तानपुर1,19,08575,53163.43%
इटावा1,20,82772,46059.97%
सांगोद1,29,40687,28767.45%

दूसरे चरण का मतदान 30 को

जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के लिए दूसरे चरण का मतदान 30 अक्टूबर को होगा। जिले की खैराबाद और चेचट पंचायत समिति में मतदाता मतदान करेंगे। दोनों ही चरणों के मतदान का परिणाम देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को जारी होंगे।

Updated on:
23 Oct 2026, 8:44 AM IST
Published on: