
कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के देवली अरब रोड स्थित बालाजी आवास द्वितीय निवासी एक महिला की बहादुरी के कारण लुटेरे को उल्टे पांव भागना पड़ा। गुरुवार सुबह घर के बाहर सफाई कर रही महिला के गले से चेन स्नेचर ने मंगलसूत्र झपट लिया। महिला ने झाडू से उसकी धुनाई की और उसके हाथ से मंगलसूत्र छीन लिया। झाडू की मार पड़ने से लुटेरा उल्टे पांव भागा और दूर खड़े साथी के साथ बाइक से रफूचक्कर हो गया। जानकारी के अनुसार, बालाजी आवास द्वितीय निवासी मनोज पंत के मकान में मनीषा व उसका परिवार किराये से रहता है। मनीषा सुबह पौने नौ बजे घर के बाहर झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान बाइक पर दो लुटेरे हेलमेट लगाकर उसके पास से गुजरे। कुछ दूर जाकर बाइक रोकी। एक लुटेरा पैदल मनीषा के पास आया और गले से मंगलसूत्र तोड़ लिया। उसने टॉप्स भी छीनने का प्रयास किया, लेकिन विफल रहा। अचानक हुई घटना से एक बार तो मनीषा डर गई, लेकिन उसने तुरंत झाड़ू से लुटेरे की ताबड़तोड़ पिटाई करना शुरू कर दिया।
मनीषा ने लुटेरे के हाथ से अपना मंगलसूत्र छीन लिया। पिटाई से घबराया बदमाश साथी के साथ भाग गया। वारदात पास ही मकान में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। इस दौरान मनीषा के पैर में चोट लग गई। बाद में अस्पताल में उपचार कराया।
मनीषा के शोर मचाने पर पड़ोसी हिम्मत सिंह घर से बाहर निकल लुटेरों के पीछे दौड़ा, लेकिन बदमाश हाथ नहीं आया। सूचना पर बोरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची। थानाधिकारी रामलक्ष्मण ने कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्दी ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें - कांग्रेस का घोषणापत्र 'न्याय पत्र' जारी, सचिन पायलट ने कही एक बड़ी बात
यह भी पढ़ें - Rajasthan : पेटदर्द पर मंदबुद्धि किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया, जांच के बाद डाक्टरों ने कुछ ऐसा कहा, हैरान हो गए परिजन