नांता थाना पुलिस ने नयाखेड़ा इलाके में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी के मामले का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सरफराज मंसूरी और उसकी सहयोगी पूजा शर्मा उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है।
कोटा। नांता थाना पुलिस ने नयाखेड़ा इलाके में बंद मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात व नकदी चोरी के मामले का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी सरफराज मंसूरी और उसकी सहयोगी पूजा शर्मा उर्फ गोलू को गिरफ्तार किया है। मामले की चौंकाने वाली बात यह है कि महिला आरोपी फरियादी की देवरानी है, जिसने अपने परिचित के साथ मिलकर जेठानी के घर चोरी की साजिश रची।
प्रशिक्षु आरपीएस महेश गुर्जर ने बताया कि 15 मार्च को हुई इस वारदात के बाद पुलिस ने तत्काल विशेष टीम का गठन किया। फरियादी नवीन कुमार गौतम ने 16 मार्च को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 14 मार्च को परिवार सहित अपने गांव कोटसुवा गया था।
15 मार्च की शाम जब वह वापस लौटा तो घर का मुख्य गेट खोलने पर कमरे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ था और सोने-चांदी के जेवरात सहित करीब 70 हजार रुपए नकद गायब थे। चोरी गए सामान में सोने का हार, चेन, अंगूठियां, मंगलसूत्र, बच्चों के आभूषण, चांदी की पायजेब, सिक्के और लक्ष्मीजी की मूर्ति सहित अन्य कीमती सामान शामिल था।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक संदिग्ध युवक बिना नम्बर की मोटरसाइकिल पर हेलमेट पहनकर घर में प्रवेश करता और बाहर निकलता दिखाई दिया। आरोपी ने पहचान छुपाने के लिए पूरे रास्ते हेलमेट नहीं उतारा और चेहरे को कपड़े से ढक रखा था। पुलिस ने नयाखेड़ा, नांता, धनेश्वर, डाबी, बिजौलिया से लेकर चित्तौड़गढ़ तक के मार्गों की जांच की।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर 23 मार्च को संदिग्ध सरफराज मंसूरी को चित्तौड़गढ़ से डिटेन कर पूछताछ की गई, जिसमें उसने वारदात करना स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। उसकी निशानदेही पर चोरी गए आभूषणों में से एक सोने का हार, एक सोने की चेन और 61 हजार 920 रुपए बरामद किए गए।
साथ ही घटना में प्रयुक्त बिना नम्बर की बाइक और एक बैग भी जब्त किया गया। मामले में सह आरोपी पूजा शर्मा को 24 मार्च को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। पुलिस अब शेष चोरी गए आभूषणों की बरामदगी के प्रयास में जुटी हुई है और मामले की जांच जारी है।