
कोटा. राजस्थान के कोटा-उदयपुर नेशनल हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। इस दर्दनाक दुर्घटना में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई है। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर पोस्ट कर मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से आर्थिक सहायता की घोषणा की है। वहीं सीएम भजनलाल ने भी हादसे को लेकर दुख व्यक्त किया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संदेश में कहा कि राजस्थान के कोटा में हुए इस दर्दनाक हादसे में लोगों की जान जाने की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ है। दुख की इस घड़ी में मेरी पूरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। मैं प्रार्थना करता हूं कि इस हादसे में घायल हुए लोग जल्द से जल्द ठीक हो जाएं।
इसके साथ ही पीएम मोदी ने ऐलान किया कि हादसे में जान गंवाने वाले हर व्यक्ति के परिवार को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2-2 लाख रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी, जबकि घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
हादसे पर शोक प्रकट करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी 'X' पर लिखा, "कोटा, राजस्थान में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।"
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' के जरिए इस हादसे पर गहरा दुख जताया है। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घायलों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने तथा प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि शनिवार देर रात करीब एक बजे कोटा के नांता थाना क्षेत्र में शंभूपुरा गांव के पास यह भीषण हादसा हुआ था। महाराष्ट्र के धुले जिले का एक परिवार ओंकारेश्वर, पुष्कर और खाटूश्यामजी के दर्शन कर क्रूजर गाड़ी से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार क्रूजर सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा टकराई। इस हादसे में महिलाओं और बच्चों समेत एक ही परिवार के 9 सदस्यों की जान चली गई। वहीं, 3 साल के मासूम और ट्रक चालक समेत कई लोग घायल हो गए, जिनका कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज जारी है।