कोटा

Kota Fire News: कोटा शॉपिंग सेंटर में भीषण आग से मचा हड़कंप, 7 दमकलों ने बमुश्किल पाया काबू; टला बड़ा हादसा

कोटा के गुमानपुरा शॉपिंग सेंटर के मोटर मार्केट में मंगलवार सुबह बहुमंजिला इमारत में आग लग गई। सूचना पर 7 दमकलें और करीब 30 फायरफाइटर मौके पर पहुंचे। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका है।
2 min read
• •
Sep 29, 2026
kota shopping center fire
Kota Shopping Center Fire (Patrika Photo)

Kota Shopping Center Fire: कोटा के गुमानपुरा स्थित शॉपिंग सेंटर के मोटर मार्केट में मंगलवार सुबह बहुमंजिला इमारत में आग लगने से हड़कंप मच गया। मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने इमारत से धुआं उठता देखा तो फायर ब्रिगेड और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया।

7 दमकल की गाड़ियां मौके पर थीं मौजूद

नगर निगम के मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास ने बताया कि आग की सूचना मिलने के बाद एक के बाद एक कुल सात दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। करीब 30 फायरफाइटर ने आग पर काबू पाने के लिए चारों तरफ से मोर्चा संभाला। आग की स्थिति गंभीर होने पर फायरफाइटर्स ने लेटर का इस्तेमाल किया और खिड़की व दरवाजे तोड़कर अंदर पाइप पहुंचाकर पानी की बौछार की।

दुकान में रखा था ऑटो पार्ट्स का सामान

बताया गया कि जिस दुकान में आग लगी, वहां सीट कवर, चाइना एक्सेसरीज, ऑयल और ऑटो पार्ट्स से जुड़ा सामान रखा हुआ था। सामान और तेल होने के कारण आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

क्या बोला दुकान मालिक

दुकान मालिक अब्दुल मुजीब के अनुसार, यहां सीट कवर, चाइना एक्सेसरीज और ऑयल का काम होता है तथा सामान का गोदाम भी है। आग के कारण बड़ी मात्रा में सामान के नुकसान की आशंका है। हालांकि नुकसान का वास्तविक आकलन आग पूरी तरह बुझने के बाद ही किया जाएगा।

फायर अधिकारी के मुताबिक, आग की लपटें काफी तेज थीं और समय रहते कार्रवाई नहीं होती तो बिल्डिंग को भी नुकसान पहुंच सकता था। राहत की बात यह रही कि समय रहते लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

शॉपिंग सेंटर का इलाका काफी संकरा होने के कारण दमकल की गाड़ियों को मौके तक पहुंचने में परेशानी हुई। इसके बावजूद करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद फायरफाइटर्स ने आग पर काबू पा लिया। प्रारंभिक तौर पर आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच कर रहे हैं।

Updated on:
29 Sept 2026 10:23 am
Published on:
29 Sept 2026 09:18 am