कोटा

Kota : कोटा में पानी के टैंक में तैरती बॉल ने खोला गुम मासूम का राज, 3 दिन पहले ही नाना के घर आया था

Kota : कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र के तलवंडी इलाके में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल के मासूम की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। तैरती बॉल ने बताया शव का पता।
2 min read
Aug 15, 2026
kota tragic accident innocent drowns in water tank dies
Kota : यह प्रतीकात्मक फोटो है, AI से बनाई गई है

Kota : कोटा के जवाहर नगर थाना क्षेत्र के तलवंडी इलाके में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में ढाई साल के मासूम की पानी के टैंक में डूबने से मौत हो गई। मृतक अक्षु तीन दिन पहले ही अपनी मां और जुड़वां भाई के साथ नाना के घर आया था। खेलते समय वह निर्माणाधीन मकान में खुले पड़े करीब 6 फीट गहरे पानी के टैंक में गिर गया। करीब डेढ़ घंटे तक तलाश के बाद टैंक में तैरती बॉल देखकर परिजनों को शक हुआ। टैंक में उतरकर देखा तो मासूम का शव मिला।

तीन दिन पहले ही नाना के घर आया था परिवार

मृतक के पिता दिलखुश ने बताया कि वह बारां जिले के रहने वाले हैं और पत्नी के साथ मजदूरी करते हैं। उनके दो जुड़वां बच्चे हैं। दिलखुश के ससुर पिछले दो महीने से तलवंडी इलाके में निर्माणाधीन मकान में चौकीदारी का काम कर रहे हैं। तीन दिन पहले उनकी पत्नी दोनों बच्चों को लेकर पिता के पास कोटा आई थी।

माता-पिता काम पर गए, खेलते समय टैंक में गिरा बच्चा

शनिवार सुबह दिलखुश और उनकी पत्नी मजदूरी करने चले गए। दोनों बच्चे अन्य बच्चों के साथ निर्माणाधीन मकान में खेल रहे थे। मकान में करीब छह फीट गहरा पानी का टैंक खुला हुआ था और वह पानी से भरा था। खेलते समय अक्षु टैंक के पास पहुंचा और अचानक उसमें गिर गया। दोपहर करीब 12 बजे माता-पिता काम से लौटे तो एक बच्चा गायब मिला। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन बच्चे का कोई पता नहीं चला। उन्हें आशंका हुई कि कहीं कोई उसे उठाकर न ले गया हो, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

तैरती बॉल ने खोला राज

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के CCTV फुटेज खंगाले। परिजनों ने मकान मालिक से भी फुटेज दिखाने को कहा। परिवार का आरोप है कि मकान मालिक ने फुटेज देने में काफी देर की। इसी बीच करीब डेढ़ घंटे की तलाश के बाद पानी के टैंक में एक बॉल तैरती दिखाई दी। शक होने पर परिजनों ने टैंक में उतरकर देखा तो अक्षु का शव पानी में मिला। बच्चे की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पिता ने मकान मालिक पर लगाया लापरवाही का आरोप

मासूम के पिता दिलखुश ने आरोप लगाया कि पानी का टैंक खुला हुआ था और उसका ढक्कन नहीं लगाया गया था। उनका कहना है कि टैंक को खुला छोड़ने की लापरवाही के कारण उनके मासूम बेटे की जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Updated on:
15 Aug 2026 06:16 pm
Published on:
15 Aug 2026 05:54 pm