कोटा

कोटा में होगा 140 करोड़ का निवेश, 15 एकड़ में बनेगा प्लांट

कारगिल खाद्य एवं कृषि उत्पादन में अपनी वैश्विक विशेषज्ञता को राजस्थान में लाकर राज्य के विकास में भागीदार बनने का प्रयास कर रहा है।
less than 1 minute read
Feb 06, 2019
invest
कोटा में होगा 140 करोड़ का निवेश, 15 एकड़ में बनेगा प्लांट

कोटा

मल्टीनेशनल कम्पनी कारगिल कोटा में एक ग्रीन फील्ड प्रीमिक्स प्लांट की स्थापना करेगी। बारां रोड पर ताथेड़ गांव में प्रस्तावित प्लांट में करीब 140 करोड़ (20 मिलियन अमेरिकी डॉलर) का निवेश होगा।

भारत में कंपनी के एनिमल न्यूट्रिशन बिजनेस के प्रबंध निदेशक इमरे हावासी के नेतृत्व वाली कारगिल टीम और उद्योग विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव सुबोध अग्रवाल, निवेश एवं प्रवासी भारतीय आयुक्त गौरव गोयल एवं अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के बीच हुई भेंट में परियोजना की जानकारी साझा की गई।

कारगिल खाद्य एवं कृषि उत्पादन में अपनी वैश्विक विशेषज्ञता को राजस्थान में लाकर राज्य के विकास में भागीदार बनने का प्रयास कर रहा है। इस संयंत्र के निर्माण के लिए कोटा का चयन करना कंपनी की रणनीतिक निर्णय है।


15 एकड़ में बनेगा प्लांट

यह अत्याधुनिक संयंत्र ताथेड गांव में 15 एकड भूमि पर बनेगा। इसकी मासिक उत्पादन क्षमता 7500 टन होगी, जिसमें राजस्थान संपूर्ण उत्तर भारत और निर्यात बाजारों के ग्राहकों के लिए एनिमल न्यूट्रिशन प्रोडक्ट्स और सप्लीमेंट होंगे। कारगिल के इस प्रस्तावित निवेश से कोटा एवं आस-पास के क्षेत्रों में उद्योग, किसान के विकास में सहयोग मिलेगा। अगले तीन से पांच साल में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष तौर पर क्षेत्रमें 150 से अधिक लोगों को रोजगार मिलेगा।

2017 में हुआ था अनुबंध

कारगिल इंडिया के प्रेसिडेन्ट सिमॉन जॉर्ज ने कहा, यह निवेश नवंबर 2017 में भारतीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय के साथ किए गए एक समझौते का हिस्सा है।

Published on:
06 Feb 2019 11:12 pm