फ्लाईओवर का 22 प्रतिशत कार्य पूरा, विधायक संदीप शर्मा और न्यास अध्यक्ष ने लिया जायजा, दि‍ए नि‍र्माण कार्य में तेजी के नि‍र्देश
कोटा . नगर विकास न्यास की ओर से रंगबाड़ी रोड पर दानबाड़ी से केशवपुरा सर्किल के आगे तक बनाए जा रहे फ्लाईओवर का निर्माण सितम्बर 2018 तक पूरा होगा। यह शहर का सबसे लम्बा और सबसे महंगा फ्लाईओवर है। विधायक संदीप शर्मा, नगर विकास न्यास के अध्यक्ष आर.के. मेहता, अधिशासी अभियंता नवीन सिंघल ने अधिकारियों के साथ गुरुवार को फ्लाईओवर की प्रगति का जायजा लिया।
इसके बाद मेहता और विधायक शर्मा ने बताया कि अभी तक 22 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है। सितम्बर 2018 से पहले इसका निर्माण पूरा करने का लक्ष्य रखा है। अभी 29 पिलरों में से 16 पिलर का निर्माण केप लेवल तक हो गया है। जनवरी के अंत तक पिलर केप लेवल तक बन जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा, कि गुणवत्ता नियंत्रण करने के लिए ठेकेदार फर्म के अलावा न्यास के अधिकारियों की टीम भी नियमित निरीक्षण कर रही है। नियत मापदण्डों के अनुसार निर्माण चल रहा है।
इस समय कार्य की प्रगति निर्माण से पहले तय किए गए लक्ष्य से तेज चल रही है। इसके निर्माण की डेडलाइन फरवरी 2019 है, लेकिन सितम्बर 2018 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है। जल्दी निर्माण कार्य पूरा होने से लोगों को जल्द राहत मिलेगी। अभी इस क्षेत्र के लोगों के लिए वैकल्पिक मार्ग विकसित किया गया है। इस पर अतिक्रमण नहीं हो इसकी निगरानी की जा रही है।
न्यास अध्यक्ष मेहता ने बजरी की आपूर्ति नहीं होने के कारण दिक्कत आ रही है, इसकी समस्या का भी निस्तारण किया जा रहा है। इस फ्लाईओवर के निर्माण के बाद नए कोटा की करीब चार लाख आबादी को लाभ होगा। यातायात की समस्या से निजात मिल सकेगी। न्यास अध्यक्ष और विधायक ने अधिकारियों के निर्देश दिए हैं कि वैकल्पिक मार्ग की चौड़ाई कम नहीं होनी चाहिए, इसकी निगरानी रखें।
--
फेक्ट
1500 मीटर लम्बाई
29 कुल स्पान
140.58 करोड़ लागत
4 लेन चौड़ा होगा