कोटा

‘कागज के प्लेन उड़ाने वालों सुन लो…कोटा की धरती से जल्द ही प्लेन उड़ेगा’, बोले लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, करोड़ों रुपए की दी कई सौगातें

Ramashraya Bhavan And BSL-3 lab: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज परिसर में लगभग 27 करोड़ रुपए की लागत से रामाश्रय भवन और अत्याधुनिक बीएसएल-3 लैब का शिलान्यास और फाइब्रोस्कैन मशीन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि रामाश्रय भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना, सम्मान और सेवा […]

2 min read
Jan 26, 2026
फाइब्रोस्कैन मशीन का लोकार्पण करते हुए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला (फोटो: पत्रिका)

Ramashraya Bhavan And BSL-3 lab: लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने रविवार को कोटा के न्यू मेडिकल कॉलेज परिसर में लगभग 27 करोड़ रुपए की लागत से रामाश्रय भवन और अत्याधुनिक बीएसएल-3 लैब का शिलान्यास और फाइब्रोस्कैन मशीन का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि रामाश्रय भवन केवल एक इमारत नहीं, बल्कि मानवीय संवेदना, सम्मान और सेवा का सजीव प्रतीक है।

स्पीकर बिरला ने बगैर किसी का नाम लिए तंज कसते हुए कहा- कागज के प्लेन उड़ाने वालों सुन लो, कोटा की धरती से प्लेन उड़ेगा और देख लो ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट का कार्य शुरू हो गया है।

ये भी पढ़ें

राजस्थान में शादी की उम्र तय, बिजली बिल पर इनको मिलेगी 100 प्रतिशत छूट, भजनलाल कैबिनेट के बड़े फैसले

हम सपने बड़े देखते हैं और जो बात सार्वजनिक मंच से कहते हैं, वह पूरी करते हैं। बड़े काम और बड़े लक्ष्य पूरे करने में समय जरूर लगता है, लेकिन वे पूरे होंगे। उन्होंने तल्ख अंदाज में कहा- अपने राजनीतिक जीवन में जन सेवा का एक भी कार्य किया हो तो ‘वे’ बता दें। जनता सब जानती है।

लोगों की पीड़ा देखकर ये सपना देखा था

लोकसभा अध्यक्ष ने 18 वर्ष पूर्व जेके लोन अस्पताल से जुड़ा संस्मरण साझा करते हुए कहा कि इलाज के दौरान दूर-दराज गांवों से आए परिजनों को अक्सर खुले आसमान के नीचे रहना पड़ता था।

गर्मी, सर्दी और बरसात में भी वे अस्पताल के आसपास ठहरे रहते थे। यह देखकर मन बहुत विचलित होता था, मैंने 18 साल पहले अस्पतालों में ऐसा भवन बनाने का सपना देखा था, जहां मरीजों के परिजन आराम से रह सकें। खुशी की बात है, जो अब पूरा हो रहा है। देश में पहली बार इस तरह के दो सर्वसुविधायुक्त रामाश्रय भवन कोटा में बनाए जा रहे हैं।

चार मंजिला वातानुकूलित भवन बनेगा

जेके लोन अस्पताल के बाद अब मेडिकल कॉलेज परिसर में 11.76 करोड़ से चार मंजिला वातानुकूलित भवन बनेगा, जिसमें 767 बेड की सुविधा होगी।

यहां तीमारदारों के लिए नि:शुल्क ठहराव और भोजन के साथ डॉर्मिट्री, किचन-डाइनिंग, लिफ्ट, लॉकर तथा महिलाओं के लिए पृथक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। मेडिकल कॉलेज में 14 करोड़ रुपए की लागत से प्रदेश की दूसरी बीएसएल-3 लैब स्थापित की जाएगी।

35 करोड़ की लागत से कॉटेज वार्ड बनेंगे

बिरला ने कहा कि मेडिकल कॉलेज परिसर में करोड़ों रुपए के विकास कार्य प्रगति पर हैं। करीब 35 करोड़ रुपए की लागत से कॉटेज वार्ड का निर्माण होने जा रहा है, मदर एंड चाइल्ड केयर हॉस्पिटल भी जल्द शुरू होगा। बीएसएल-3 लैब से गंभीर संक्रामक रोगों की जांच और शोध को नई दिशा मिलेगी।

राज्यभर के मरीजों को लाभ मिलेगा : शर्मा

कोटा दक्षिण विधायक संदीप शर्मा ने कहा कि कोटा ही नहीं, पूरे संभाग और आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज आते हैं। ऐसे में रामाश्रय भवन का निर्माण लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की दूरदर्शी सोच का परिणाम है।

उन्होंने कहा कि इस पहल से प्रेरणा लेकर प्रदेश के अन्य स्थानों पर भी रामाश्रय भवनों का निर्माण होना चाहिए, ताकि इलाज के लिए आने वाले परिजनों को राहत मिल सके। लाडपुरा विधायक कल्पना देवी ने कहा कि मरीजों व उनके परिजनों की कठिनाइयों को समझते हुए लोकसभा अध्यक्ष ने रामाश्रय की कल्पना की, जो आज मूर्त रूप ले रही है।

इस अवसर पर भाजपा शहर जिलाध्यक्ष राकेश जैन, संभागीय आयुक्त अनिल अग्रवाल, मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. संगीता सक्सेना, अधीक्षक डॉ. नीलेश जैन व अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी
: https://bit.ly/4bg81fl

ये भी पढ़ें

Rajasthan: 6 गांवों के किसानों के लिए आई बड़ी खुशखबरी, 13.82 करोड़ रुपए की लागत से मिलेगा ये बड़ा लाभ

Updated on:
26 Jan 2026 12:01 pm
Published on:
26 Jan 2026 12:00 pm
Also Read
View All

अगली खबर