
बारां. श्रावण मास में प्रकृति संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन का संदेश देते हुए सखी क्लब द्वारा पोधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्लब की सदस्याओं ने उत्साहपूर्वक विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया तथा आमजन से भी अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
क्लब अध्यक्ष उर्मिला जैन भाया तथा विमला जैन ने बताया कि वर्तमान समय में बढ़ते प्रदूषण, जलवायु परिवर्तन और घटते हरित क्षेत्र को देखते हुए पोधारोपण केवल एक सामाजिक गतिविधि नहीं, बल्कि आने वाली पीढिय़ों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि एक वृक्ष मां के नाम अभियान अन्तर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में सभी सदस्याओं ने पौधे रोपित किए तथा उन्हें बड़ा होने तक नियमित रूप से सुरक्षा प्रदान करने और उनकी देखभाल करने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर रेखा जैन, ज्योति जैन, त्रिषला जैन, रानी नोपड़ा, चन्द्रकला सेठी, श्रुति सिंघल, मधु शर्मा, मधु गुप्ता, शालिनी गुप्ता, मंजू बंसल, मृदुला सोनी, संतोष कासलीवाल, बबीता जैन, मेघा जैन, प्रेरणा शर्मा, साधना जैन सहित सखी क्लब की अनेक सदस्याओं ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने पर्यावरण संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने का संकल्प लिया।