कोटा

राजस्थान में ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट तैयार होने से पहले बढ़ गई आसपास की जमीनों की कीमतें, KDA भी लाएगा मेगा प्रोजेक्ट

Rajasthan News: कोटा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और मंडाना क्षेत्र में विकास परियोजनाओं के चलते जमीनों की DLC दरों में बढ़ोतरी की गई है। मंडाना में सड़क किनारे 500 मीटर क्षेत्र की दरों में 3 प्रतिशत और शंभूपुरा समेत आसपास के इलाकों में 5 से 10 प्रतिशत तक इजाफा किया है।
2 min read
Aug 05, 2026
Kota DLC Rate Hike
AI जनरेटेड प्रतीकात्मक तस्वीर

Kota DLC Rate Hike: कोटा ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट और मंडाना क्षेत्र में अब जमीनें और महंगी हो जाएगी। इस क्षेत्र की जमीनों की डीएलसी दरों में 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की गई है। यह दोनों ही क्षेत्र त्वरित विकास की श्रेणी में है। यहां केडीए और रीको के मेगा प्रोजेक्ट आ रहे हैं। इससे यहां जमीनों के सौदे ज्यादा हो रहे हैं। प्रॉपर्टी में निवेशकों की नजर भी शंभूपुरा क्षेत्र और मंडाना क्षेत्र में ही है।

शहर में जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) दरों को लेकर जनप्रतिनिधियों की बैठक के बाद इसमें त्रुटि सुधार किए गए हैं। इसके तहत शहर में डीएलसी दर के निर्धारण से छूटी 158 कॉलोनियों की डीएलसी दर उसकी निकट के कॉलोनियों के आधार पर तय कर दी गई है। इसके अलावा मंडाना क्षेत्र में सड़क से 500 मीटर के दायरे में स्थित जमीनों की कीमतों में 3 फीसदी का इजाफा किया गया है।

कोटा में जिला स्तरीय समिति (डीएलसी) दरों को लेकर 14 जुलाई को जनप्रतिनिधियों की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में 1 अप्रेल 2026 से लागू की गई नई डीएलसी दरों की समीक्षा की गई। 1 अप्रेल को पूरे कोटा शहर में डीएलसी दरों में 10 फीसदी का इजाफा किया गया था, लेकिन भौगोलिक परिस्थितियों के अनुसार बाजार में अलग-अलग क्षेत्रों की कीमतों में काफी अंतर आ रहा था। ऐसे में शहर में विभिन्न क्षेत्रों में कॉलोनियों, कृषि भूमि व व्यावसायिक भूमि का सर्वे किया गया। इस आधार पर पाया गया कि शहर में 158 कॉलोनियों में डीएलसी की दरें निर्धारित नहीं है। ऐसे में इन कॉलोनियों के लोग आसपास सस्ते क्षेत्र के निकट स्वयं को बताते हुए आवेदन कर रहे थे। ऐसे में इन कॉलोनियों की डीएलसी दरों को लेकर असमंजस बना हुआ था।

निकट की कॉलोनी जैसी डीएलसी दर

राजस्व विभाग की ओर से इन छूटी कॉलोनियों की डीएलसी दर निकट की कॉलोनी के अनुसार ही तय कर दी है। इस सर्वे के बाद कोटा में अब कोई भी कॉलोनी ऐसी नहीं बची है, जिसकी डीएलसी दर निर्धारित न हो। ऐसे में कम्प्यूटर पर क्लिक करने पर रजिस्ट्रार कार्यालय में उस कॉलोनी की डीएलसी नजर आ जाएगी और किसी कॉलोनी के लिए उसकी निकट की लोकेशन की डीएलसी नहीं देखना होगा। ऐसे में डीएलसी को लेकर सारा असमंजस समाप्त हो जाएगा। कोटा के मंडाना क्षेत्र में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे, भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण समेत अन्य सड़कों के 500 मीटर के दायरे में आने वाले भूमि की डीएलसी दर 3 फीसदी का इजाफा किया गया है, जबकि शेष क्षेत्र में डीएलसी दर 1 अप्रेल 2026 को लागू दर से ही मानी जाएगी। इसके अलावा शंभुपुरा समेत आसपास के गांवों में भी डीएलसी रेट में 5 से 10 फीसदी तक इजाफा किया गया है।

मंडाना क्षेत्र में सड़क किनारे 500 मीटर के दायरे में डीएलसी दर में 3 फीसदी का इजाफा किया गया है। शेष सभी स्थानों पर 1 अप्रेल 2026 की निर्धारित डीएलसी दरें ही लागू होगी।
लेखराज स्वामी, नायब तहसीलदार, मंडाना

Updated on:
05 Aug 2026 11:40 am
Published on:
05 Aug 2026 11:38 am