कोटा

सीसी रोड़ के लिए खोद डाली अच्छी सड़क, एक महीने से धूल खा रहे कॉलोनी के लोग

महावीर नगर विस्तार सेक्टर छह में एक माह से सीसी रोड के लिए सड़कों को खोद कर छोड़ दिया, अब यहां के लोग धूल-गिट्टी से परेशान हो रहे हैं।
2 min read
• •
Updated: 15 Dec 2017, 4:47 PM IST
Mahavir Nagar expansion scheme, Roads, Municipal kota, CC road, Ward 50, Tender, Gravel, Gravel crisis, Kota, Kota Patrika, Kota Patrika News, Rajasthan Patrika
bad roads

कोटा . नगर निगम वार्ड 50 के क्षेत्र में आने वाले महावीर नगर विस्तार योजना सेक्टर 6 के तीन मोहल्लों के बाशिंदों के लिए बजरी संकट नई मुसीबत ले आया। करीब ढाई-तीन सौ परिवारों को आबाद करने वाले इन मोहल्लों में घर दिनभर धूल धूसरित हो रह। बच्चे खेलते हुए चोटिल हो रहे। वह है एक माह से खुदी पड़ी सड़कें। दरअसल, सेक्टर छह में निगम प्रशासन ने डेढ़ माह पूर्व सीसी रोड बनाने के लिए 56 लाख के टेंडर किए। ठेकेदार ने सीसी रोड बनाने के लिए सड़क की खुदाई भी कर दी। लेकिन एक माह गुजर गया, रोड बना ही नहीं। लोगों ने कई बार वार्ड पार्षद को भी अवगत कराया लेकिन कुछ नहीं हुआ। पार्षद ठेकेदार से सम्पर्क करता है तो जवाब मिलता है कि बाजार में बजरी नहीं मिल रही। बजरी के बिना सीसी रोड कैसे बनाया जाए। पार्षद का कहना है कि संयोग था कि जिस दिन खुदाई हुई उसके अगले दिन बजरी पर रोक लग गई।

उड़ रही धूल

क्षेत्र के लोगों ने बताया कि खुदी सड़क पर वाहन दुपहिया वाहन फिसल रहे हैं। बच्चे खुदी सड़क से गिर कर चोटिल हो रहे हैं। मकानों में दिन भर धूल उड़ती है। घरों के अन्दर तक सामानों पर धूल जम जाती है। महिलाओं का कहना है कि घरों से धूल साफ करते परेशान हो गई हैं। उड़ती धूल से यहां से गुजरने वाले राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

बजरी संकट है, छिड़काव करा देंगे

वार्ड पार्षद देेवेंद्र चौधरी ने बताया कि ठेकेदार ने सीसी रोड बनाने के लिए जिस दिन सड़क खोदी, दूसरे दिन ही बजरी पर प्रतिबंध लग गया। बजरी के अभाव में काम शुरू नहीं हो पाया। बजरी उपलब्ध होते ही सीसी रोड बनवा दिया जाएगा। फिलहाल, टैंकर से पानी छिड़काव करा दिया जाएगा ताकि धूल नहीं उड़े, रोड पर फैली गिट्टी भी साइड में करा दी जाएगी।

रोज किसी को गिरा देता है यह गड्ढा

शहर का सेवन वंडर्स रोड। सड़क के बीचोंबीच गड्ढा। यह एक माह से एेसे ही खुदा पड़ा है। इसमें फिसल कर आए दिन वाहन चालक चोटिल हो रहे हैं। दो दिन पहले भी यहां शोपिंग सेन्टर निवासी विकास जैन दुपहिया वाहन से फिसलकर चोटिल हो गए। गुरुवार को भी बाइक सवार युवक रोहित फिसलकर घायल हो गया। कांग्रेस के अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के संभागीय उपाध्यक्ष जफर अली ने बताया कि गड्ढे को भरवाने के लिए वे यूआईटी को अवगत करा चुके। लेकिन अभी तक भी गड्ढा नहीं भरा। उन्होंने चेतावनी दी कि तीन दिन में यह सड़क ठीक नहीं की गई तो यूआईटी कार्यालय पर प्रदर्शन कर चेयरमैन का घेराव किया जाएगा।

Published on: