कोटा

कोटावासियों गौर से देखिए इस चेहरे को, दिनदहाड़े महिलाओं के गले से चेन तोड़ता है यह लुटेरा, स्कैच हुआ जारी

कोटा में बदमाशों के हौसलें इस कदर बढ़ गए की अब वे घर में घुसकर महिलाओं के गले से सोने की चेन तोड़ने लगे हैं।

2 min read
Dec 23, 2017
Chain snatching in kota

कोटा . रामपुरा कोतवाली क्षेत्र में दिनदहाड़े घर में घुसकर महिला के गले से सोने की चेन लूटकर ले जाने के मामले में तीन दिन बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। पुलिस ने शुक्रवार को लुटेरे का स्कैच जारी किया है।



रामपुरा कोतवाली के सामने गली में रहने वाली सेवानिवृत्त शिक्षिका सुशीला मित्तल के घर में घुसकर एक बदमाश दिनदहाड़े उनके गले से करीब दो तोला सोने की चेन लूटकर ले गया। महिला के शोर मचाने पर आस-पास के लोग आए, लेकिन तब तक वह दूर खड़ी बाइक पर बैठकर भाग गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपित की तलाश की, लेकिन पता नहीं चल सका।

इसके बाद पुलिस ने रामपुरा बाजार में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज लिए। इसमें वह व्यक्ति हेलमेट लगाए हुए नजर आ रहा है, न तो बाइक नम्बर स्पष्ट था, न ही चेहरा। उप अधीक्षक राजेश मेश्राम ने बताया कि पुलिस ने पीडि़ता व आस-पास के लोगों से पूछताछ की, जिन्होंने उसे देखा था। उनसे पूछताछ के आधार पर आरोपित का स्कैच तैयार करवाया। उसे सभी जगह पर जारी किया है।



गौरतलब है कि कोतवाली थाना क्षेत्र में घर में घुसकर वृद्धा से सोने की चेन लूट के आरोपित को बुधवार को दूसरे दिन भी सुराग नहीं लगा। पुलिस बाइक नम्बर व सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगालने में जुटी रही। कोतवाली के सामने ग्रांट होटल की गली निवासी सेवानिवृत्त शिक्षिका सुशीला मित्तल के घर में घुसकर एक बदमाश मंगलवार को दिनदहाड़े उनके गले से दो तोला सोने की चेन लूटकर ले गया था। थानाधिकारी छुट्टनलाल मीणा ने बताया कि फुटेज में बाइक के नम्बर साफ नजर नहीं आ रहे हैं। संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही आरोपित के हैलमेट लगाने से उसका चेहरा भी साफ नहीं दिख रहा है। बुधवार को भी रामपुरा क्षेत्र के अन्य जगहों पर लगे सीसीटीवी के फुटेज लिए हैं, लेकिन अभी तक उसका पता नहीं चल सका है।

Published on:
23 Dec 2017 09:35 am