
प्री-मानसून गतिविधियों के तहत रविवार रात कोटा शहर में तेज आंधी और झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। सोमवार तड़के तक सुबह हुई बारिश से लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन दिन चढ़ने के साथ बढ़ी उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी।
मौसम विभाग के अनुसार शहर में 34.8 एमएम बारिश दर्ज की गई। शहर में तड़के करीब 4 बजे तक 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली तेज हवाओं के साथ बिजली चमकी और बादल जमकर गरजे। कई इलाकों में दो घंटे तक झमाझम बारिश हुई। सड़कों पर पानी बह निकला। इस दौरान बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई।
बिजली गुल होने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। उसके बाद सुबह से ही उमस का जोर बना रहा। हालात यह हो गए कि लोग पसीने से तरबतर हो गए। दिन में तेज धूप होने के कारण लोग कम ही बाहर निकले। शाम ढलने के बाद ही लोग बाजारों में निकले। अधिकतम तापमान 40.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि न्यूनतम तापमान तीन डिग्री की गिरावट के साथ 22.5 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया। सुबह के समय आर्द्रता 63 प्रतिशत तक दर्ज की गई, जिससे दिनभर चिपचिपी गर्मी का एहसास बना रहा।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, राज्य के अधिकांश हिस्सों में अब आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में मेघगर्जन और हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। वहीं पश्चिमी राजस्थान के जोधपुर और बीकानेर संभाग में अगले दो-तीन दिन मौसम शुष्क रहने तथा तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने के आसार हैं।
8 से 11 जून के बीच सीमावर्ती क्षेत्रों में अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने, हीटवेव चलने और तेज धूलभरी हवाएं चलने की चेतावनी दी है। वहीं 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने के बाद प्रदेश के कुछ हिस्सों में फिर से आंधी और बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।