कोटा

हाइवे पर ट्रक चालकों में था जिन RTO के लुटेरों खौफ, उन दो SI समेत सात पर चढ़ा शिकंजा

कोटा. 5 माह पहले ट्रक चालकों से अवैध वसूली करते पकड़े गए परिवहन विभाग के दो उप निरीक्षकों समेत 7 जनों के खिलाफ प्राथमिक जांच दर्ज हो गई है।
2 min read
• •
Updated: 25 Dec 2017, 8:56 PM IST
Police

करीब साढ़े 5 माह पहले ट्रक चालकों से अवैध वसूली करते पकड़े गए परिवहन विभाग के दो उप निरीक्षकों समेत 7 जनों के खिलाफ एसीबी मुख्यालय में प्राथमिक जांच दर्ज हो गई है। अब मामले की विस्तृत जांच रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेजी जाएगी।
परिवहन विभाग के उडऩ दस्ते की ओर से बूंदी रोड पर रात के समय ओवरलोड ट्रक चालकों से अवैध वसूली की शिकायतों पर एसीबी टीम ने इसी साल 5 अगस्त को तड़के कुन्हाड़ी पेट्रोल पम्प के पास से दो उप निरीक्षक, सुरक्षा गार्ड व एजेंट समेत 7 जनों को ट्रक चालकों से अवैध वसूली करते पकड़ा था। उनके पास से टीम ने करीब 16 हजार रुपए भी बरामद किए थे।

इन्हें पकड़ा था मौके से
टीम ने मौके से उप निरीक्षक जयपुर निवासी तनसुख टांक व रामनिवास यादव और चार सुरक्षा गार्ड कप्तान सिंह, माखन सिंह, दलबीर सिंह, निरंजन और एक एजेंट धीरज वैष्णव को मौके से पकड़ा था, जबकि एक एजेंट मौके से भाग गया था। टीम ने तनसुख की गाड़ी की सीट के नीचे से करीब 8 हजार और इतनी ही रकम एजेंट धीरज से बरामद की थी।

रिपोर्ट मुख्यालय भेजी थी
परिवहन विभाग के उप निरीक्षक व सुरक्षा गार्डों से रकम कम बरामद होने से एसीबी ने फर्द व जब्ती समेत कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद पकड़े गए सभी लोगों को छोड़ दिया था। एसीबी ने इसकी रिपोर्ट मुख्यालय भेजी थी।

प्राथमिक जांच दर्ज, अब मुकदमें की कार्यवाही
एएसपी एसीबी कोटा ठाकुर चंद्रशील का कहना है कि अवैध वसूली करते पकड़े गए परिवहन विभाग के सभी 7 जनों के खिलाफ मुख्यालय में रिपोर्ट भेजी थी। वहां सभी के खिलाफ प्राथमिक जांच (पीई) दर्ज करने का निर्णय किया है। अब इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी। इसके बाद इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा।

Published on: