
कोटा। राहुल गांधी बुधवार को चार्टर विमान से कोटा पहुंचे, जहां हवाई पट्टी पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, कांग्रेस नेता सचिन पायलट और एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ समेत कई नेताओं ने उनका अभिनंदन किया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शिक्षा नगरी कोटा में आयोजित 'कोटा महारैली' में शामिल होंगे। इसके बाद वे दशहरा मैदान में छात्रों और युवाओं के साथ संवाद करेंगे। इस दौरान शिक्षा व्यवस्था, रोजगार, पेपर लीक, प्रतियोगी परीक्षाओं की चुनौतियों और युवाओं के भविष्य से जुड़े अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
राहुल गांधी की कोटा यात्रा को लेकर कांग्रेस नेताओ मं उत्साह देखने को मिल रहा है। कांग्रेस नेता टीकाराम जूली ने कहा कि राहुल गांधी देश के युवाओं की आवाज बनकर कोटा पहुंचे हैं और यहां से उठने वाली आवाज केवल छात्रों की नहीं, बल्कि देश के भविष्य, न्याय और युवाओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को मजबूती से सामने रखेगी। राहुल गांधी के दौरे को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भी खासा उत्साह है। हवाई पट्टी से लेकर कार्यक्रम स्थल तक स्वागत की व्यापक तैयारियां की गई हैं।
राहुल गांधी बुधवार को कोटा के लिए रवाना होने के दौरान छात्रों के मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार पर हमलावर नजर आए। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सीकर के उमेश और देहरादून की रिया ने री-नीट के दबाव में आत्महत्या कर ली। 22 और 23 वर्ष के इन युवाओं की मौत को उन्होंने "टूटी और भ्रष्ट व्यवस्था" का परिणाम बताते हुए इसके लिए मोदी सरकार और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को जिम्मेदार ठहराया। राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों के सपनों को टूटने से बचाने और अभिभावकों को ऐसी पीड़ा से बचाने के लिए कोटा से एक नई लड़ाई की शुरुआत की जाएगी।
राहुल गांधी चार्टर विमान से कोटा पहुंच गए हैं, जहां वे कोटा के दशहरा मैदान स्थित श्रीराम रंगमंच से छात्र-युवाओं की समस्याओं को लेकर राष्ट्रव्यापी अभियान का आगाज करेंगे। शाम 5.30 बजे शुरू होने वाले कार्यक्रम में म्यूजिक कॉन्सर्ट के बाद राहुल छात्रों से संवाद करेंगे। इस दौरान वे नीट परीक्षा के विकेंद्रीकरण, परीक्षा शुल्क समाप्त करने, पेपर लीक गिरोहों के खिलाफ सख्त कानून और परीक्षा प्रक्रिया में जवाबदेही तय करने जैसे चार प्रमुख मुद्दों को उठाएंगे।
राहुल गांधी के दौरे से पहले कोटा का सियासी माहौल भी गरमा गया। कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। कांग्रेस ने स्वागत से जुड़े बैनर-पोस्टर हटाने का आरोप लगाया, जबकि ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों को राजनीति नहीं, बल्कि अपने भविष्य की चिंता है। वहीं कांग्रेस का दावा है कि कोटा से उठने वाली 'छात्रों की गूंज' देशभर में शिक्षा व्यवस्था और युवाओं के अधिकारों से जुड़े सवालों को मजबूती से उठाएगी।