कोटा

कोटा में खाकी का रौब! युवकों को बेल्ट उतारकर दी लड़ने की चुनौती, वीडियो वायरल होने पर कांस्टेबल सस्पेंड; जानें पूरा मामला

कोटा में जब्त बाइक छुड़ाने पहुंचे युवकों और ट्रैफिक कांस्टेबल के बीच विवाद हो गया। कांस्टेबल का बेल्ट उतारकर युवकों को लड़ने की चुनौती देने का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने उसे निलंबित कर दिया। मामले की जांच जारी है।
2 min read
• •
Updated: 29 Oct 2026, 11:34 AM IST
Kota Traffic Constable Suspended
Snapgrab Image Quality Enhnace by Ai

कोटा. जब्त बाइक छुड़ाने पहुंचे युवकों और ट्रैफिक पुलिस कांस्टेबल के बीच विवाद के मामले में एसपी तेजस्विनी गौतम ने कार्रवाई करते हुए बुधवार को कांस्टेबल अभिषेक चौधरी को निलम्बित कर दिया। मंगलवार रात हुए विवाद का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए निलंबन के आदेश दिए। मामले की जांच ट्रैफिक डीएसपी शक्ति सिंह दायमा को सौंपी गई है। पुलिस ने बताया कि मंगलवार रात करीब 10 बजे 5 से 7 युवक जब्त बाइक छुड़ाने के लिए न्यायालय का आदेश लेकर ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम पहुंचे थे। यह बाइक मोडिफाइड साइलेंसर लगे होने के कारण जब्त की गई थी। कंट्रोल रूम में संतरी के रूप में कांस्टेबल अभिषेक चौधरी की ड्यूटी थी। इस दौरान युवकों और कांस्टेबल के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई।

भीड़ के कारण रुकने को कहा था

कांस्टेबल अभिषेक चौधरी ने बताया कि उस समय कंट्रोल रूम में भीड़ अधिक थी। इसलिए युवकों से 10 मिनट रुकने के लिए कहा। युवक कोर्ट में पूरा दिन बिताने की बात कहते हुए नाराज हो गए और बहस करने लगे। अभिषेक ने बताया कि एक युवक बाइक लेकर निकलने लगा। इस पर उसने बैरिकेड लगाकर बाइक को वापस खड़ा करवाया और एक युवक को रुकने तथा बाकी को बाहर जाने के लिए कहा। कांस्टेबल के अनुसार इस दौरान धक्का-मुक्की हुई और बाहर युवकों ने गालियां दीं। इससे गुस्सा आ गया और युवकों को बाहर आकर लड़ने की चुनौती दे दी। वायरल वीडियो में कांस्टेबल अपनी वर्दी से बेल्ट उतारते हुए युवकों को बाहर आकर बात करने के लिए कहता नजर आ रहा है।

अनुशासनहीनता के मामले में कांस्टेबल अभिषेक को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया गया है। मामले की जांच ट्रैफिक डीएसपी को सौंपी गई है। अनुशासनहीनता किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस का व्यवहार मर्यादित, जिम्मेदार और जनसम्मान के अनुरूप होना चाहिए।
- तेजस्वनी गौतम, सिटी एसपी

दोनों पक्षों से बातचीत के बाद स्पष्ट होगी स्थिति

यातायात पुलिस डीएसपी शक्ति सिंह दायमा ने बताया कि युवक न्यायालय का आदेश लेकर जब्त बाइक छुड़ाने आए थे। कंट्रोल रूम में संतरी और युवकों के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई, जिसका किसी ने वीडियो बना लिया। उन्होंने बताया कि दोनों पक्षों को बुलाया गया है। उनसे बातचीत के बाद ही विवाद की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Updated on:
29 Oct 2026, 11:34 AM IST
Published on: