Digod Tehsil Mohammadpura To Mohanpura Village: राजस्थान सरकार ने कोटा जिले के दीगोद तहसील स्थित मोहम्मदपुरा गांव का नाम बदलकर मोहनपुरा कर दिया है। इस संबंध में राज्य सरकार ने अधिसूचना जारी कर दी है।
Rajasthan Village Name Change: राज्य सरकार ने कोटा जिले की दीगोद तहसील और बूढ़ादीत थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुरा गांव का नाम बदलकर मोहनपुरा कर दिया है। गांव में छह दर्जन से अधिक मकान हैं, जिनमें केवल हिंदू समाज के लोग निवासरत हैं।
मुस्लिम परिवार एक भी नहीं है। अब तक राजस्व रिकॉर्ड और विद्यालय और अन्य जगह मोहम्मदपुरा ही लिखा था, अब मोहनपुरा के नाम से जाना जाएगा। गौरतलब है कि पिछले दिनों कैथून क्षेत्र के खेड़ारसूलपुर का नाम भी खेड़ारामपुर किया गया था।
ग्रामीण राजेंद्र केवट और राम सिंह ने बताया रियासत काल में एक चौकी स्थापित थी। उसके प्रभारी का नाम मोहम्मद था, इसलिए गांव का नाम मोहम्मदपुरा रख दिया गया था। यही नाम सरकारी रिकॉर्ड में भी दर्ज हो गया। मदनपुरा पंचायत प्रशासक मूलचंद गुर्जर ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा गांव का नाम बदलने की मांग की जा रही थी।
पीपल्दा विधानसभा क्षेत्र का मोहम्मदपुरा गांव तहसील मुख्यालय दीगोद से करीब 46 किलोमीटर दूर चंबल नदी के किनारे बसा है। नायब तहसीलदार हेमराज नागर ने बताया कि गांव में ज्यादातर लोग खेती करते हैं।
ग्रामीणों ने मोहम्मदपुरा का नाम बदलने के लिए लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को लिखित ज्ञापन देकर मांग की थी। बिरला के प्रयासों से केन्द्रीय गृह मंत्रालय ने इस गांव का नाम मोहनपुरा करने पर सहमति दे दी थी। इसके बाद राज्य सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। ग्रामीणों ने लोकसभा अध्यक्ष का आभार जताया है।
राज्य सरकार की मोहम्मदपुरा का नाम बदलने की अधिसूचना जारी हो गई है, जैसे ही जिला कलक्टर के निर्देश आएंगे, उसके अनुरूप आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
प्रीतम मीणा, तहसीलदार, दीगोद