कोटा

Rajasthan Weather : पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कोटा समेत हाड़ौती क्षेत्र के मौसम में बदलाव

अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री दर्ज, रात को बंद हुए कूलर और एसी

2 min read
May 08, 2025

वैशाख की झुलसाने वाली गर्मी के बीच पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से कोटा समेत हाड़ौती क्षेत्र की फिजां में बदलाव आ गया है। तापमान में 10 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की गई है। आसमान में बादलों की मौजूदगी और हवा में घुली ठंडक के चलते रात को घरों में कूलर और एसी तक बंद कर दिए गए हैं। गुरुवार को कोटा में अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान 7 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। तापमान में आई गिरावट के चलते गर्मी के इस मौसम में फिलहाल मौसम सुहावना बना हुआ है।

सात दिन में अधिकतम 10 डिग्री की गिरावट

मौसम विभाग के अनुसार, 28 अप्रेल को अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 24 डिग्री था। ऐसे में दोपहर में लू चलने से जनजीवन प्रभावित होने लगा था और बाजारों में सन्नाटा छाने लगा था, लेकिन मौसम के बदले मिजाज के चलते 8 मई को अधिकतम तापमान घटकर 34.6 डिग्री रह गया, जबकि न्यूनतम तापमान 24.2 डिग्री बना हुआ है। इधर जिले के बडौद कस्बे सहित क्षेत्र में दोपहर 2 बजे बाद 20 मिनट तक तेज बारिश हुई। बूढ़ादीत कस्बे में दस मिनट से अधिक समय तक बूंदाबांदी हुई ।

मौसम में बदलाव, घुली ठंडक

बारां जिले में भी मौसम बदलने से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है। गुरुवार को तापमान में गिरावट दर्ज की गई। सुबह से ही वातावरण में ठंडक घुली रही और रात में भी ठंडक का अहसास होता रहा। जिले में अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहा। दिनभर धूप बनी रही, हालांकि हवा में ठंडक का असर महसूस होता रहा।

झालावाड़ में कई स्थानों पर हल्की बारिश

झालावाड़ जिले में भी पश्चिमी विक्षोभ के असर से मौसम में ठंडक बनी रही। दोपहर में आसमान में बादल छा गए और कुछ देर बाद तेज हवा चलने लगी। इसके बाद बस स्टैंड और बड़ा बाजार क्षेत्र में हल्की बारिश हुई। झालरापाटन के चंद्रावती ग्रोथ सेंटर में भी लगभग दस मिनट तक हल्की बारिश दर्ज की गई। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री रहा। पूरे दिन मौसम में ठंडक बनी रही।

बूंदी में बूंदाबांदी से मौसम हुआ सुहावना

बूंदी जिले में गुरुवार को पश्चिमी विक्षोभ के चलते हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। जिले में अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री दर्ज किया गया। रात के समय अभी भी ठंडक बनी हुई है। दोपहर की झुलसाने वाली गर्मी से लोगों को फिलहाल राहत मिली है। सुबह और शाम का मौसम भी सुहावना बना हुआ है।

Also Read
View All

अगली खबर