कोटा

Hadoti Weather: आकाशीय बिजली गिरने से 23 साल के युवक की मौत, मानसून की झमाझम बारिश से उफान पर आ गई नदियां

हाड़ौती में मानसून की तेज बारिश से कोटा, बारां, झालावाड़ और बूंदी जिलों में नदी-नाले उफान पर आ गए हैं। कोटा में आकाशीय बिजली गिरने से 23 साल के युवक की मौत हो गई और बारां के छीपाबड़ौद और कोटा के सुल्तानपुर में भारी बारिश दर्ज हुई।
3 min read
Jul 22, 2026
Hadoti Weather
उफान पर आई नदी, शहर में हुई बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से मरने वाले युवक की फाइल फोटो: पत्रिका

Heavy Rain In Rajasthan: हाड़ौती अंचल में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। कोटा, बारां, झालावाड़ और बूंदी जिलों में मंगलवार को झमाझम बारिश हुई जिससे कई नदियां उफान पर आ गईं और कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। बारिश के बीच कोटा के रानपुर क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से 23 साल के युवक की मौत हो गई।

दरअसल कोटा के रानपुर थाना क्षेत्र के केबलनगर में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। 23 साल के नीरज फागणा पुत्र देवीसिंह अपने घर की छत पर था। अचानक आकाशीय बिजली कड़कने से वह अचेत हो गया। परिजनों को पता लगा तो वे उसे जगपुरा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उसके बाद मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया।

उफान पर नदियों और मृतक का फाइल फोटो: पत्रिका

शाहाबाद की सिरसा नदी में उफान आया

बारां जिले के अधिकांश क्षेत्रों में झमाझम बारिश हुई। मंगलवार सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे के बीच की अवधि में अंता में 28, बारां में 24, छबड़ा में 68, छीपाबड़ौद में 130, अटरू में 48, शाहाबाद में 28 और किशनगंज में 49 एमएम बारिश हुई। इससे पहले शाहाबाद में रात को 78 एमएम बारिश दर्ज की गई। इससे शाहाबाद की सिरसा नदी में उफान आ गया तो। उधर, छबड़ा क्षेत्र में खांकरा के खाळ की पुलिया पर पानी आने से देर तक आवागमन बाधित रहा।

बारिश में नहाते हुए बच्चे (फोटो: पत्रिका)

खानपुर में तीन इंच बारिश

झालावाड़ जिले में इंद्रदेव खूब मेहरबान हुए। सर्वाधिक बारिश खानपुर में 80 एमएम (तीन इंच) दर्ज की गई। मनोहरथाना में भी 51 एमएम बारिश हुई, जिससे परवन नदी उफान पर आ गई और किनारों तक पानी बहने लगा। अन्य स्थानों पर भी अच्छी बारिश दर्ज की गई, जिसमें असनावर में 57, अकलेरा में 48 और झालावाड़ में 43 तथा झालरापाटन में 38 इंच बारिश हुई। बूंदी शहर में सुबह करीब बीस मिनट बरसात हुई। बूंदी में 23, तालेड़ा में 19, के.पाटन में 25, इन्द्रगढ़ में 28, नैनवां में 17 एमएम बारिश दर्ज की गई।

बारां में हुई सर्वाधिक बारिश

हाड़ौती में सर्वाधिक बारां जिले के छीपाबड़ौद में पांच तथा कोटा जिले के सुल्तानपुर में चार इंच बारिश हुई। कोटा शहर में एक इंच से ज्यादा (28.6 एमएम) बरसात हुई। शहर में दोपहर करीब दो बजे तेज बारिश का दौर शुरू हुआ, जो करीब सवा घंटे तक जारी रहा। इसके बाद भी बरसात कभी तेज तो कभी रिमझिम जारी रही। इससे सड़कें लबालब हो गई। बारिश इतनी तेज थी कि लोग जहां थे वहीं ठहर गए। नाले ओवरफ्लो हो गए। इससे गंदा पानी सड़कों पर फैल गया। शाम तक रिमझिम बारिश का दौर जारी रहा। कोटा जिले के रामगंजमंडी, सांगोद, इटावा, सुल्तानपुर, अरण्डखेड़ा, कैथून, खातौली, कुंदनपुर सहित अन्य स्थानों पर जमकर बारिश हुई। सांगोद में 2, सुल्तानपुर में 4 और इटावा में करीब डेढ़ इंच बारिश हुई।

कोटा में भी हुई झमाझम बारिश (फोटो: पत्रिका)

कोटा बारिश आंकड़ों में

सुल्तानपुर : 101
कनवास : 80
दीगोद : 57
सांगोद : 56
चेचट : 44
मंडाना : 40
इटावा : 40
लाडपुरा : 39
रामगंजमंडी : 30
कोटा शहर : 28
(स्रोत : मौसम विभाग, आंकड़े एमएम में )

Updated on:
22 Jul 2026 08:14 am
Published on:
22 Jul 2026 08:09 am