कोटा

Robbery: आंखों देखी: खौफ के साए में बीते वो 3 मिनट रात को सोने भी नहीं देते…सुनिए लोगों की जुबानी

फायनेंस कम्पनी के दफ्तर में वे 3 मिनट कितने खौफनाक थे, यह उन्हीं लोगों से समझा जा सकता है जो उस वक्त वहां मौजूद थे।

2 min read
Jan 23, 2018

कोटा . नयापुरा थाना से महज 50 मीटर दूर मणप्पुरम् गोल्ड लोन (फाइनेंस कंपनी) में लूट की वारदात के दौरान तीन मिनट बेहद ही खौफनाक थे। इसे बयां करते हुए दफ्तर में मौजूद बैंक कर्मचारी व ग्राहक सहम जाते हैं। फिल्मी अंदाज में एक के बाद एक 4 बदमाश हथियारों के साथ बैंक में प्रवेश करते हैं और वहां मौजूद सभी लोगों को गन प्वाइंट पर रखते हैं।

धमकी भरी चेतावनी आती है, सब अपना मुंह दीवार की तरफ घुमा लो नहीं तो गोली सिर से पार हो जाएगी, जो चिल्लाया उसकी आवाज हमेशा के लिए बंद हो जाएगी। अचानक हुए घटनाक्रम से मौजूद लोग सकते में आ गए और मन ही मन ईश्वर से प्रार्थना करने लगे की, भगवान जिंदगी अब तेर हाथ में...। पत्रिका ने उन सभी लोगों से बात की जो दहशत से भरे पल के साक्षी बने।

सिर पर गन और आदेश: दीवार की तरफ मुंह करो वर्ना...
फायनेंस कम्पनी के असिस्टेंट दिव्यांश पांचाल ने बताया कि ऑफिस में हम सभी रोजाना की तरह अपना काम कर रहे थे। तभी अचानक 4 बदमाश हथियारों के साथ आए और महिला ग्राहक को धक्का देकर फर्श पर गिरा दिया। फिर धमकी भरे लहजे में चेतावनी दी गई, यहां मौजूद सभी लोग अपना मुंह दीवार की तरफ घुमा लो, किसी ने पीछे देखने की कोशिश की तो वो जिंदगी की आखिरी कोशिश होगी। बाद में मैनेजर से मारपीट कर लॉकर तोड़ा और सोना लेकर भाग गए।

पहले घर से अब कम्पनी से भी चोरी हो गया सोना
महिला ग्राहक स्कंधरा आपबीती बयां करती हुई रो पड़ी। उन्होंने कहा, कुछ समय पर पहले घर में चोरी हुई थी। चोर मेरी सोने की चैन व गहने चुरा ले गए। खून-पसीने की कमाई से थोड़ा-थोड़ा सोना जमा किया था। परिवार में आर्थिक तंगी होने के कारण कम्पनी में गोल्ड जमा किया था। वह भी लुटेरे ले गए। अब मैं क्या करूं, कैसे परिवार चलाउंगी।

है भगवान शुक्र है तेरा, बच गया मेरा सोना

प्रत्यक्षदर्शी मधु राजावत ने बताया कि मैं एक परिचित के साथ कम्पनी में सोना जमा कर लोन लेने के लिए आई थी। उसी दौरान अचानक 4 जने हाथों में हथियार लेकर आए। उन्होंने हमारे और फिर कर्मचारियों के मोबाइल छीन लिए। एक बदमाश धमकाता रहा कि बात नहीं मानी तो जान से मार देंगे। कुछ ही देर में बदमाश बैग में सोना भरकर भाग गए। हम तो काफी डर गए। गनीमत रही कि हमारे साथ मारपीट नहीं की और उनकी नजर मेरे पास रखे गहनों पर नहीं पड़ी। अगर लुटेरे मेरे गहने ले जाते तो जिंदगी ही बर्बाद हो जाती। भगवान का लाख-लाख शुक्र है की मेरा सोना बच गया।

Read More: कोटा में गोल्ड लोन कम्पनी में दिनदहाड़े डकैती, 3 मिनट में ले उड़े 27 किलो सोना

लोगों के चिल्लाने की आवाज से दिल घबराया
दुकानदार मनीष टाक ने बताया कि मेरा फोटो स्टूडियो तो नीचे है। दोपहर 12.30 बजे दुकान खोली ही थी कि थोड़ी देर बाद सायरन बजने की आवाज आई। बाहर निकलकर देखा तो गेट पर सुरक्षागार्ड नजर नहीं आया। सीढिय़ों की तरफ घूमा तो चैनल गेट में बंद कर्मचारियों ने शोर मचाया कि पुलिस को बुलाओ। खतरे की आशंका देख तुरंत थाने गया और सूचना दी। मेरे सामने कोई नीचे उतर कर नहीं भागा।

Published on:
23 Jan 2018 10:33 am
Also Read
View All