बाइक से आए युवक और इस तरह से लूट ले गए 8 लाख रुपए, पढ़ें पूरी रिपोर्ट
कोटा।
प्रदेश में बढ़ती लूट की वारदातों के बीच राजस्थान के कोटा में मंगलवार को बदमाशों ने लाखो रुपए की लूट की वारदात को अंजाम दिया। कोटा के अनंतपुरा थाना क्षेत्र में मंगलवार को स्कूटी सवार दो बदमाश बैंक के कैशियर से 8 लाख रुपए भरा बैग छीन कर भाग गए। लूट की इस वारदात की रिपोर्ट पीड़ित ने थाने में दी है। जिस पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
यूं दिया वारदात को अंजाम
थाना अधिकारी अमर सिंह राठौड़ ने बताया कि बड़ौदा राजस्थान क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक कंसुआ के कैशियर ग्यारसी राम ने रिपोर्ट दी है। जिसमें बताया कि वह दिन में संविदा कर्मी देव प्रकाश के साथ कंसुआ बैंक से भामाशाह मंडी बैंक में रकम जमा करने बाइक से जा रहा था। पीछे बैठे देवप्रकाश के हाथ में बैग था, जिसमें करीब 8 लाख रुपए रखे हुए थे।
जैसे ही पीड़ित भामाशाह मंडी पुलिया के पास पहुंचा, वैसे ही पीछे से एक स्कूटी पर दो जने आए और देवप्रकाश के हाथ से बैग छीन कर भाग गए। बैंग में 8 लाख रुपए की बड़ी रकम रखी हुई थी। उन्होंने काफी दूर तक उनका पीछा भी किया। लेकिन वह उनकी आंखों से ओझल हो गए। पीड़ित के मुताबिक बदमाशों की उम्र करीब 24 से 25 साल के बीच है।
थाना अधिकारी ने बताया कि इस मामले में लूट का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। पुलिस ने बताया कि पीड़ित का कहना है कि वह 5 लाख रुपए से अधिक की रकम होने पर भामाशाह मंडी बैंक में जमा कराने हर तीन से चार दिन में जाते हैं।
संभावना जताई जा रही है कि लुटेरों ने बैंक से ही उनका रेकी कर पीछा किया होगा देर रात तक बदमाशों की तलाश जारी थी। लेकिन अभी तक बदमाशों का कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा है।