कोटा

फ्री सामान नहीं देने पर दुकान पर पथराव, दहशत में आए ग्राहक, काउंटर का शीशा तोड़ा, आरोपी फरार, पुलिस कर रही तलाश

करीब दो से तीन मिनट बाद वही युवक दो-तीन अन्य साथियों के साथ दोबारा दुकान पर लौट आया। इस बार उसके हाथ में बड़ा पत्थर था, जबकि उसके साथियों के पास छोटे-छोटे पत्थर थे। आते ही उन्होंने फिर से गाली-गलौज शुरू कर दी और बिना किसी चेतावनी के दुकान पर पथराव कर दिया।

2 min read
Apr 24, 2026

कोटा में बदमाशों द्वारा दुकान पर हमला करने का मामला सामने आया है। जिसने इलाके में दहशत का माहौल बना दिया। मामला कुन्हाड़ी थाना क्षेत्र के बालिता रोड का है, जहां गुरुवार शाम करीब साढ़े 7 बजे एक युवक ने अपने साथियों के साथ मिलकर नमकीन-मिठाई की दुकान पर पथराव कर दिया। घटना के दौरान दुकान में मौजूद ग्राहक भयभीत हो गए और अफरा-तफरी मच गई। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

पीड़ित दुकानदार गौरव ने बताया कि उनकी बालिता रोड पर नमकीन और मिठाई की दुकान है, जहां उन्होंने काउंटर बाहर की ओर लगाया हुआ है। घटना के समय वह अपने दो कर्मचारियों के साथ दुकान पर मौजूद थे और सामान्य रूप से ग्राहकों को सामान दे रहे थे। इसी दौरान एक युवक, जो शराब के नशे में था, दुकान पर आया और फ्री में नमकीन देने की मांग करने लगा। जब दुकानदार ने उसे मना किया, तो उसने गाली-गलौज शुरू कर दी। किसी तरह कर्मचारियों की मदद से उसे वहां से भगा दिया गया।

ये भी पढ़ें

मुंबई एयरपोर्ट पर जयपुर के यात्रियों का हंगामा, 180 यात्री फंसे, बार-बार बदला टाइम, देर रात रवाना हुई फ्लाइट

हालांकि यह मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। करीब दो से तीन मिनट बाद वही युवक दो-तीन अन्य साथियों के साथ दोबारा दुकान पर लौट आया। इस बार उसके हाथ में बड़ा पत्थर था, जबकि उसके साथियों के पास छोटे-छोटे पत्थर थे। आते ही उन्होंने फिर से गाली-गलौज शुरू कर दी और बिना किसी चेतावनी के दुकान पर पथराव कर दिया। पत्थरबाजी में दुकान के मिठाई काउंटर का शीशा टूट गया और अन्य सामान को भी नुकसान पहुंचा।

घटना के समय दुकान में मौजूद ग्राहक अचानक हुए हमले से सहम गए और अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर तक इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। दुकानदार ने घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी और कुन्हाड़ी थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में मुख्य आरोपी के रूप में सूरजमल माली और उसके साथियों के नाम बताए गए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें

16 साल बाद मिला न्याय: फर्जी जाति प्रमाण पत्र के आरोप से कर्मचारी दोषमुक्त, पुलिस नहीं पेश कर पाई एक भी गवाह
Published on:
24 Apr 2026 01:15 pm
Also Read
View All