7 Day City Mall Closed: सिटी मॉल को सतर्कता के तौर पर 7 दिन के लिए बंद किया गया है। ऐसे में बिल्डिंग का सेफ्टी चेक होने के बाद ही इसे लोगों के लिए खोला जाएगा।
Kota City Mall Massive Fire Update: कोटा शहर में झालावाड़ रोड पर सिटी मॉल में आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी। जिस फ्लोर पर आग लगी, वहां विद्युत पैनल था, इसके अलावा कई एयर कंडीशनर भी लगे थे। ऐसे में आग विद्युत पैनल या एयर कंडीशन में शॉर्ट सर्किट से लगी, जो शोरूम में प्लास्टिक, फोम व कपड़े के खिलौनों से तेजी से फैली। परफ्यूम रैक के चपेट में आने के बाद एक के बाद एक सैंकड़ों परफ्यूम की शीशियों से आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
मॉल में आग लगने से करीब 1.25 करोड़ रुपए का माल जलकर नष्ट हो गया। इसके अलावा भवन में कांच, फॉल सीलिंग, वायर, केबल समेत विद्युत समेत अन्य निर्माण कार्य का करीब 2 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। विज्ञान नगर थाना पुलिस ने सिटी मॉल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज किया है। पुलिस की ओर से एफएसएल टीमों ने बुधवार के बाद गुरुवार को भी मॉल में घटनास्थल का जायजा लेकर नमूने लिए।
सिटी मॉल को सतर्कता के तौर पर 7 दिन के लिए बंद किया गया है। ऐसे में बिल्डिंग का सेफ्टी चेक होने के बाद ही इसे लोगों के लिए खोला जाएगा। इधर मॉल में पालिका बाजार के दुकानदार अपनी दुकान में रखे माल को संभालने के लिए परेशान नजर आए। बाद में इन्हें एक-एक कर अंदर भेजा गया, जहां उन्होंने दुकान में माल को व्यविस्थत किया। अग्निकांड के बाद दूसरे दिन गुरुवार को माल में सन्नाटा पसरा रहा।
खरीदारी के लिए हम मॉल में घुस रहे थे कि सामने से सफाईकर्मी और सुरक्षाकर्मी दौड़ते हुए बाहर आ रहे थे। हमें भी कहा-बाहर जाओ, मॉल की तीसरी मंजिल पर आग लग गई है। फिर धुंआ निकलता दिखा तो माजरा समझ आ गया।
फुरकान अली, प्रत्यक्षदर्शी
बेटे को शर्ट दिलवाने मॉल आया था। गाड़ी पार्क कर रहे थे कि मॉल में आग लगने का हल्ला सुना। लोग तेजी से मॉल से बाहर निकल रहे थे। कुछ ही मिनटों में आग काफी तेज हो गई। करीब 15 मिनट बाद दमकलें पहुंचने लगी और आग बुझाने का काम शुरू हो गया।
बृजेन्द्र सिंह, प्रत्यक्षदर्शी