
मॉल में लगी आग की फोटो: पत्रिका
Kota City Mall Fire: कोटा शहर के झालावाड़ रोड स्थित सिटी मॉल में तीसरी मंजिल पर एक मलेशियाई बेस कंपनी के जनरल स्टोर में बुधवार सुबह करीब 10.20 बजे शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। सूचना पर अग्निशमन विभाग की ओर से सभी फायर स्टेशन से मौके पर 14 दमकलें और 60 मीटर ऊंची एरियर हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म लेडर मंगवाई गई। सुबह करीब 10.45 बजे आग बुझाने का काम शुरू हुआ। करीब दो घंटे बाद पौने एक बजे आग पर काबू पा लिया गया।
जिस समय आग लगी उस दौरान मॉल में दुकानें और शोरूम खुलना शुरू ही हुए थे। ऐसे में अधिकांश दुकानों और शोरूम में मॉल के सफाईकर्मी सफाई के काम में जुटे थे और सुरक्षाकर्मी तैनात थे। दुकानदार अपनी दुकानों में सामान जमा रहे थे। इसी दौरान तीसरी मंजिल पर स्थित मलेशियाई बेस कंपनी के जनरल स्टोर में शॉर्ट सर्किट से धमाके के साथ आग लग गई।
दुकान में प्लास्टिक के सामान और खिलौने में आग तेजी से फैलने लगी। स्टोर में आग लगने से मॉल में चीख-पुकार मच गई और सफाई कर्मी और सुरक्षाकर्मी चिल्लाते हुए तेजी से बाहर निकले। अफरा-तफरी मच गई। सिनेमाघर समेत पूरे मॉल को पूरी तरह खाली करवा लिया गया। आग की भयावहता को देखते हुए पास में चलने वाले कोचिंग संस्थान को भी खाली करवाया और पूरे क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई।
सुबह 10.30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम पर सिटी मॉल में आग लगने की सूचना मिली। इस पर नगर निगम के अग्निशमन विभाग की ओर से श्रीनाथपुरम से एक दमकल और फायर फाइटर्स 10.45 बजे मौके पर पहुंचे तो देखा आग काफी अधिक थी। इस पर उन्होंने तुरंत मुख्य अग्निशमन अधिकारी अमजद खान को सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शहर के सभी अग्निशमन केन्द्रों से 14 दमकले भेजी गई। निगम के गैराज से 60 मीटर ऊंची एरियर हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म लेडर भी मंगवाई गई। इसे दमकलों से कनेक्ट कर आग बुझाने का काम शुरू किया गया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद 50 फायर फाइटर्स ने आग पर काबू पाया।
आग बुझाने के दौरान सिटी मॉल में भूतल में बने पालिका बाजार में पानी भर गया। ऐसे में छोटी दुकानों में नीचे रखा सामान भीग गया। भूतल का फ्लोर सीज कर दिए जाने से दुकानदारों को भीतर नहीं जाने दिया गया। ऐसे में उनका माल खराब हो गया। पालिका बाजार के अंडर गारमेंट दुकानदार रामकुमार, मोबाइल एसेसरीज शॉप के आशीष श्रीवास्तव, गर्ल्स वियर की दुकान संचालित करने वाले विवेक अरोड़ा और पत्नी संध्या अरोड़ा बाहर खड़े दुकान संभालने का इंतजार करते रहे।
मॉल के एक फ्लोर पर स्थित जनरल स्टोर में संभवतया शॉर्ट सर्किट से आग लगी। हर तीन माह में फायर सर्वे करवाते हैं। बिल्डिंग में फायर फाइटिंग सिस्टम भी है, लेकिन आग काफी भीषण थी। इस कारण काबू पाने में दो घंटे लग गए।
आग लगने के बाद सिटी मॉल के बाहर काफी संख्या में लोग जमा हो गए। ऐसे में पुलिस ने लोगों की भीड़ को नियंत्रित किया और दमकलों व आपातकालीन वाहनों के आने की व्यवस्था बनाई। इस दौरान झालावाड़ रोड पर भी यातायात को फ्लाईओवर पर से निकाला गया।
Updated on:
29 Apr 2026 04:46 pm
Published on:
29 Apr 2026 11:17 am
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
