Kota Murder In Rivalry: कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर की बेरहमी से हत्या कर दी। बाइक से घर लौटते समय चौथ माता मंदिर के पास बदमाशों ने रास्ता रोककर लोहे के सरियों, डंडों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया।
Social Media Influencer Shubham Died: कोटा के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक बाइक से घर लौट रहा था, तभी रास्ता रोककर बदमाशों ने उस पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने लोहे के सरियों, डंडों और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे युवक गंभीर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और बड़ी संख्या में लोग अस्पताल और घटना स्थल पर एकत्रित हो गए। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर प्रेम नगर तृतीय जागा बस्ती निवासी शुभम के रूप में हुई है।
डीएसपी रुद्रप्रकाश शर्मा ने बताया कि यह वारदात मंगलवार रात करीब 11 बजे के करीब चौथ माता मंदिर के पास हुई। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि शुभम और हमलावरों के बीच पहले से ही विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच कई बार झगड़े भी हो चुके थे और इसी पुरानी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया।
पुलिस ने बताया कि मंगलवार देर रात शुभम बाइक से बस्ती की ओर लौट रहा था। जैसे ही वह चौथ माता मंदिर के पास पहुंचा, वहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते मामला हिंसक हो गया। आरोपियों ने पहले शुभम की बाइक को पूरी तरह से तोड़ दिया और फिर उस पर लोहे के सरियों और डंडों से हमला कर दिया।
कई बार वार करने से शुभम बुरी तरह लहूलुहान हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। हमले के बाद आरोपी युवक को घायल हालत में छोड़कर मौके से फरार हो गए। आसपास के लोगों ने गंभीर घायल शुभम को झालावाड़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार सिर और शरीर के कई हिस्सों की हड्डियां टूटने के कारण और गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी एसपी तेजस्विनी गौतम, उद्योग नगर थाना सीआइ जितेंद्र सिंह शेखावत सहित पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया।
पुलिस ने घटनास्थल पर एमओबी टीम और डॉग स्क्वॉड को बुलाकर साक्ष्य एकत्रित किए। बुधवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंपा। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी हुई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।