
Kota Weather News: कोटा शहर में भीषण गर्मी का दौर जारी है। धरा आग उगल रही है। इस सीजन में दूसरी बार गुरुवार को एक बार फिर पारा 46.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजस्थान में गंगानगर के बाद चूरू और कोटा सबसे ज्यादा तपने वाले शहर रहे।
शहर में गुरुवार सुबह से ही भीषण लू और झुलसाती गर्मी ने आमजन का जीना मुहाल कर दिया है। दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा रहा है और लोग जरूरी होने पर ही घरों से निकल रहे हैं। दिन ही नहीं बल्कि रात भी तप रही है। उष्ण रात्रि का असर लोगों की नींद भी खराब कर रहा है। रात का पारा 31.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इससे पूर्व 10 जून को 46.3 डिग्री सेल्सियस पारा रहा था।
जयपुर मौसम केन्द्र के अनुसार, पूर्वी राजस्थान के जयपुर, भरतपुर और कोटा संभाग में आगामी 2-3 दिन और गर्म हवाएं (लू) चलने की संभावना है। साथ ही रातों में भी गर्मी का असर बना रहेगा।
बारां जिले में गुरुवार शाम को जिले के कई हिस्सों में बारिश, आंधी, तूफान ने तबाही मचाई। हरनावदाशाहजी में पंद्रह मिनट तक तेज हवा के साथ बरसात हुई। इस दौरान इलाके के फूलबडौद गांव में अंधड़ में टीनशेड उड़ गए। इससे लोहे की चादरों के नीचे पूरा परिवार दब गया। हादसे में चार जने घायल हो गए।
अटरू कस्बे एवं आसपास के ग्रामीण अंचल में अंधड़ से जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया। क्षेत्र के मुंडला गांव में तेज अंधड़ से दो-तीन मकानों के टीन टपर उड़ गए। गऊघाट और इसके आसपास के गांवों में गुरुवार शाम 15 मिनट तक बारिश हुई। कवाई में गुरुवार शाम को आए तेज आंधी तूफान ने क्षेत्र में कई हरे पेड़ पौधों को अपने आगोश में ले लिया।
झालावाड़ जिले के सोजपुर क्षेत्र में गुरुवार तड़के से झुलसाने वाली गर्मी से लोग परेशान रहे। शाम को मौसम पलटा और सोजपुर क्षेत्र में तूफानी हवाओं के साथ करीब 10 मिनट तक बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, 14-15 जून से कोटा, उदयपुर और भरतपुर जिले में मेंघगर्जन, आंधी और प्री-मानसून की हल्की बारिश हो सकती है। उसके बाद द्वितीय सप्ताह के दौरान राज्य के अधिकांश भागों में सामान्य से अधिक बारिश की संभावना है।