कोटा

जरा संभलकर कहीं आप का फोटो न खींच जाए ट्रैफिक पुलिस के हाथों

मोबाइल पर बात करते वक्त वाहन चलाने से बढ़ रहे हादसों के मद्देनजर आए हाईकोर्ट के आदेश की पालना में टै्रफिक पुलिस ऐसे वाहन चालकों पर सख्त हो गई है।
2 min read
• •
Updated: 17 May 2018, 12:14 PM IST
traffic police

कोटा . यदि आप भी वाहन चलाते वक्त मोबाइल पर बात करने के आदी हैं तो अपनी आदत जल्द सुधार लीजिए। ऐसा न हो कि आपकी फोटो खिंच जाए और लाइसेंस से भी हाथ धोना पड़े।


मोबाइल पर बात करते वक्त वाहन चलाने से बढ़ रहे हादसों के मद्देनजर आए हाईकोर्ट के आदेश की पालना में टै्रफिक पुलिस इन दिनों ऐसे वाहन चालकों पर सख्त हो गई है। पिछले 10 दिन में 18 वाहन चालकों के फोटो खींचे गए हैं। इनका मौके पर ही 500 रुपए का चालान तो बनाया ही गया, लाइसेंस निरस्त करने बाबत परिवहन विभाग को भी लिख दिया गया है। इनमें दुपहिया वाहन चालक ही नहीं, चौपहिया वाहन चालक भी शामिल हैं।


एक भी मौका नहीं
शराब पीकर वाहन चलाने वालों और बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के लाइसेंस दो से तीन बार पंच करने के बाद उन्हें निरस्त करने की कार्रवाई की जाती है, लेकिन वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वाले वाहन चालकों को पहली बार पकड़े जाते ही उनके लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई कर दी जाएगी।


...ताकि मुकर नहीं सकता
शहर में जगह-जगह चौराहों पर खड़े ट्रैफिक पुलिसकर्मी अब मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने के फोटो अपने मोबाइल में खींच रहे हैं। सूत्रों के मुताबिक फोटो खींचने का उद्देश्य चालान बनाते समय होने वाले विवाद से बचना है, ताकि वाहन चालक अपनी करतूत से मुकर नहीं सके।


कमांड सेंटर से जल्द
सूत्रों के अनुसार अभी ट्रैफिक पुलिसकर्मी मोबाइल से फोटो खींच रहे हैं, लेकिन शहर में पूरे 1100 सीसीटीवी कैमरे लगने व चालू होने के बाद यह काम सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से अभय कमांड सेंटर से किया जाएगा।


परिवहन विभाग को लिखा
पहले वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करते पकड़े जाने पर 500 रुपए का चालान बनाया जा रहा था। पिछले दिनों आए हाईकोर्ट के आदेश के बाद से दस दिन में 18 वाहन चालकों के मोबाइल पर बात करते हुए फोटो खींचे हैं। उनके चालान तो बनाए ही, लाइसेंस निरस्त करने के लिए मंगलवार को ही परिवहन विभाग को लिखा है।


हाईकोर्ट ने यह दिया आदेश

उप अधीक्षक यातायात ने बताया कि हाईकोर्ट ने हाल ही एक आदेश में कहा कि वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने वालों के पुलिस फोटो खींचे। उन फोटो के आधार पर वाहन चालक का नाम व पंजीयन संख्या समेत परिवहन विभाग को भेजे। परिवहन विभाग ऐसे वाहन चालकों के लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई तुरंत करे।

Published on: