
कोटा . दो कौड़ी प्रकरण में कोटा उत्तर विधायक के खिलाफ प्रदर्शन में शामिल रहे कांग्रेस एससी मोर्चा के शहर जिलाध्यक्ष दिनेश खटीक के सरस बूथ पर कोटा डेयरी के चेयरमैन श्रीलाल गुंजल के इशारे पर बुधवार को दूध व अन्य उत्पादों की सप्लाई बंद कर दी गई। बूथ संचालक ने डेयरी प्रबंधन से बातचीत की तो संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
बूथ संचालक दिनेश ने बताया कि यूआईटी से एनओसी जारी होने के बाद कोटा डेयरी ने 2005-06 में उन्हें झालावाड़ रोड पर ईएसआई अस्पताल के सामने बूथ आवंटित किया। उद्घाटन समारोह में खुद चेयरमैन श्रीलाल गुंजल भी शामिल हुए थे। बूथ से पूरा परिवार चल रहा है। यहां रोजाना 90 लीटर दूध, 15 लीटर छाछ, 15 लीटर लस्सी, 6 किलो दही की बिक्री है। फिर भी बुधवार को अचानक डेयरी प्रबंधन ने दूध सप्लाई बंद कर दी। खटीक ने आरोप लगाया कि कोटा उत्तर विधायक के खिलाफ हुए प्रदर्शन में शामिल होने के कारण सप्लाई बंद की गई है।
बूथ अवैध होने की शिकायत मिली है, जांच करेंगे
मामले में डेयरी एमडी श्यामबाबू वर्मा ने बताया कि चेयरमैन को बूथ अवैध होने की शिकायत मिली थी। चेयरमैन ने मार्केटिंग इंचार्ज को सप्लाई बंद करने के निर्देश दिए। मुझे बूथ के दस्तावेजों की जांच करने के निर्देश मिले हैं। वहीं मार्केटिंग इंचार्ज सर्वेश शर्मा ने बताया कि दूध सप्लाई बंद करने का कोई खास कारण नहीं है। गुरुवार से सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।
इधर, गुंजल के खिलाफ प्रदर्शन
विधायक चन्दकांता मेघवाल पर कोटा उत्तर विधायक प्रहलाद गुंजल द्वारा अशोभनीय टिपप्णी करने के मामले में बुधवार को नदीपार क्षेत्र में मेघवाल समाज ने विरोध प्रदर्शन किया। समाज के अजय मेघवाल के नेतृत्व में बूंदी रोड स्थित सेंट जोन स्कूल के सामने प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन करने वालों में अनूप कुमार, मुरारीलाल मीणा, निरंजन सैनी, मनदीप, गिर्राज, अशोक, हेमराज सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।
Published on:
17 May 2018, 8:49 PM IST
बड़ी खबरें
View Allकोटा
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.