कोटा

Video: नियमों का उल्लंघन कर कोटा आबकारी विभाग ने आंखे मूंद शराब की दुकान खोलने की दी हरी झण्ड़ी

कोटा. नियमों का उल्लंघन कर धानमंडी इलाके में फिर खुली शराब की दुकान।
2 min read
• •
Updated: 25 Jan 2018, 5:07 PM IST
Wine Shop

कोटा.

थोड़ी स्थिति बदल जाए तो मौकापरस्त उसका कैसा दुरुपयोग करते हैं, इसकी बानगी एरोड्राम क्षेत्र के धानमंडी इलाके में फिर खुली शराब की दुकान बखूबी है। शराब दुकान स्वीकृति पर तय बंदिश के दायरे में होने के बावजूद यह सिर्फ हाइवे शिफ्ट होने के तर्क पर फिर सज गई। विभाग ने भी आंंखें मूंद इसे हरी झंडी दे दी जबकि अब भी तय मापदंडों के अनुरूप इसका संचालन यहां नहीं हो सकता।

Read More: Breaking News: पद्मावत बवाल: कोटा में करणी सेना ने किया उग्र प्रदर्शन, फूंके टायर

नियमों के अनुसार सिनेमाघरों के आस-पास 200 मीटर के क्षेत्र में शराब की दुकानें नहीं लगाई जा सकती। एरोड्राम धान मंडी गेट पर टॉकीज संचालित है। टॉकीज के 100 मीटर आगे ही आबकारी विभाग ने शराब की यह दुकान फिर खोल दी। पहले हाईवे के पास वाले मापदंडों के मद्देनजर इसे यहां बंद किया गया था। लेकिन, हैंगिंग ब्रिज शुरू होने के बाद हाईवे बाहर हो गया है। ऐसे में दुकान मालिक की ओर से प्रस्तावित स्थान को आबकारी विभाग ने आंख मूंद अप्रूव कर दिया। विभाग ने सिनेमाघर वाली बंदिश को ताक में रख दिया। इस दुकान पर न सिर्फ शराब बेची जा रही है बल्कि परोसी भी जा रही है।

एक नजर
01 अप्रेल 2017 को हटी थी दुकान हाईवे सामीप्य के कारण
14 सितम्बर को डिनोटिफाई हुआ हाईवे
01 अक्टूबर 2017 को फिर से लगी दुकान

कार्रवाई करेंगे
जिला आबकारी अधिकारी शम्भुदयाल मीणा का कहना है कि मामले की जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो वह गलत है। इसकी जांच आबकारी निरीक्षक द्वारा करवाई जाएगी।

Published on: