कोटा

Kota: जबरन घर में घुसकर महिला से शादी करने की कहने लगा युवक, बोला-पति से तलाक ले लो, नहीं मानने पर दी सुसाइड की धमकी

Rajasthan Crime News: कोटा में एक युवक देसी कट्टा लेकर विवाहित महिला के घर घुस गया और उससे शादी करने और पति को तलाक देने का दबाव बनाया। महिला ने सूझबूझ से युवक को कमरे में बंद कर पुलिस को सूचना दी।
2 min read
Jul 17, 2026
Kota Borkheda Crime
घर के अंदर घुसा युवक कौशल मीणा का फोटो: पत्रिका

Young Man Pressured Married Woman To Marry: कोटा के बोरखेड़ा थाना क्षेत्र में एक युवक के देसी कट्टा लेकर विवाहित के घर में घुसने और शादी का दबाव बनाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक ने महिला से मारपीट का प्रयास किया। महिला ने सूझबूझ से युवक को कमरे में बंद कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस को युवक को काबू करने में करीब दो घंटे की मशक्कत करनी पड़ी। इस दौरान युवक ने पुलिस को आत्महत्या करने की धमकी दी। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया लेकिन इससे पहले ही युवक ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। इसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया।

पीड़ित महिला ने कोटा के बोरखेड़ा थाने में दी शिकायत में आरोप लगाया कि साल 2023 में उसकी आरोपी कौशल मीणा निवासी तोरण थाना सुल्तानपुर से जान-पहचान हुई थी। बाद में उसने उससे संपर्क समाप्त कर दिया लेकिन आरोपी लगातार मोबाइल पर कॉल कर परेशान करता रहा। बात नहीं करने पर जान से मारने और बदनाम करने की धमकियां देता था। महिला का आरोप है कि पिछले कई महीनों से आरोपी पति को तलाक देकर उससे शादी करने की कहता था उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा था।

शिकायत के अनुसार बुधवार सुबह करीब 11 से 11.30 बजे आरोपी देसी कट्टा लेकर महिला के घर पहुंदा। उसने घर में घुसकर महिला के साथ मारपीट की, थप्पड़ मारे। महिला के विरोध करने पर उसने धमकियां दीं। इसी दौरान महिला ने युवक को बातचीत में उलझाकर एक कमरे में बंद कर दिया और पुलिस को सूचना दी।

दो घंटे की मशक्कत बाद पकड़ा

बोरखेड़ा सीआइ अनिल कुमार टेलर ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन आरोपी कौशल मीणा ने कमरे का गेट अंदर से बंद कर लिया। वह हाथ में देसी कट्टा लेकर खुद को गोली मारने की धमकी देने लगा। पुलिस ने बातचीत कर उसकी मांग पूछी तो उसने कहा कि वह महिला से शादी करना चाहता है और जब तक महिला पति को तलाक देने की लिखित सहमति नहीं देगी, तब तक वह बाहर नहीं आएगा।नहीं मानी तो वह सुसाइड कर लेगा।

करीब दो घंटे तक चली समझाइश के बाद पुलिस ने रणनीति बनाई। जिस कमरे में युवक बंद था वहां लगे कूलर को हटाकर जाली के रास्ते पुलिस अंदर पहुंची और दरवाजा खोलकर युवक को काबू कर लिया। पुलिस को अंदर आता देख युवक ने कथित रूप से विषाक्त पदार्थ खा लिया जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। पुलिस ने तत्काल उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत सामान्य है। पुलिस ने महिला की शिकायत व घटनाक्रम के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

Updated on:
17 Jul 2026 10:09 am
Published on:
17 Jul 2026 10:04 am