कोटा

नहर में मिला युवक का शव, पिता बोले- बेटा होली खेलने गया था, दोस्तों ने कर दी हत्या

बूंदी थाना क्षेत्र स्थित नहर में शनिवार को एक युवक का शव मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके ही दोस्तों ने नहर में धक्का देकर उसकी हत्या की है।

2 min read
Mar 03, 2018

कोटा . बूंदी थाना क्षेत्र स्थित नहर में शनिवार को एक युवक का शव मिला। परिजनों ने आरोप लगाया कि उसके ही दोस्तों ने नहर में धक्का देकर उसकी हत्या की है। कुन्हाड़ी थाने के एएसआई योगेश कुमार ने बताया कि खाई रोड नयापुरा निवासी हैप्पी उर्फ यश कुमावत(18) का शव शनिवार सुबह सीनता के आगे बूंदी जिले में नहर में मिला। जिसे नगर निगम के गोताखोरों की मदद से बाहर निकाला गया।

शव को एमबीएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। यहां मृतक के पिता सुरेश कुमार ने रिपोर्ट दी है। जिसमें बताया कि उनका पुत्र शुक्रवार को होली खेलने के बाद अपने दोस्तों के साथ सीनता के आगे आईटीआई के पास गया था। वहां से वह देर शाम तक भी वापस नहीं आया तो उसकी तलाश शुरू की गई। लेकिन पता नहीं चल सका।

शाम को उसके नहर में डूबने की सूचना मिली थी। जिस पर निगम के गोताखोरों ने उसकी तलाश शुरू की थी। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। शनिवार सुबह शव मिलने पर मृतक के पिता सुरेश ने उसके दोस्तों पर धक्का देकर मारने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दी है।

एएसआई योगेश कुमार ने बताया कि जिस जगह युवक डूबा और उसका शव मिला। यह घटना बूंदी जिले की है। कुन्हाड़ी पुलिस ने पोस्ट मार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। जीरो नम्बर एफआईआर दर्ज कर बूंदी भेज देंगे। मामले की जांच बूंदी पुलिस करेगी। युवक ने 10 वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी।

Updated on:
03 Mar 2018 04:40 pm
Published on:
03 Mar 2018 04:31 pm
Also Read
View All