कुचामन शहर

Rajasthan Crime: सामने बोलती है.. चिल्लाया चाचा और भतीजी पर कुल्हाड़ी से किए वार, बचाने आई दादी तो उस पर भी हमला

रिश्ते में चाचा और घर के पड़ोसी आकाश उर्फ ओम प्रकाश ने अपनी 16 वर्षीय भतीजी अक्षिता पर कुल्हाड़ी पर ताबड़तोड़ वार किए। उसके सिर पर खून सवार था। अक्षिता को बचाने उसकी दादी तुलछा देवी दौड़कर पहुंची तो उस पर कुल्हाड़ी से वार कर दिए।
2 min read
• •
Updated: 28 Oct 2026, 9:47 AM IST
Akshita
भतीजी अक्षिता। ​पत्रिका फाइल फोटो

डीडवाना-कुचामन। डीडवाना-कुचामन जिले के खुनखुना थाना क्षेत्र के कल्याणपुरा गांव में मंगलवार दोपहर भूराराम जाट के घर खूनी वारदात ने सनसनी फैला दी। रिश्ते में चाचा और घर के पड़ोसी आकाश उर्फ ओम प्रकाश ने अपनी 16 वर्षीय भतीजी अक्षिता पर कुल्हाड़ी पर ताबड़तोड़ वार किए। उसके सिर पर खून सवार था। अक्षिता को बचाने उसकी दादी तुलछा देवी दौड़कर पहुंची तो उस पर कुल्हाड़ी से वार कर दिए। वारदात के बारे में जिसने भी सुना सहम गया।

वारदात के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मृतका अक्षिता के शव को तोषीना अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। साथ ही एफएसएल और एमओबी की टीम भी मौके पर पहुंच गई। उन्होंने साक्ष्य जुटाए और पुलिस ने वारदात में काम ली कुल्हाड़ी को जब्त कर लिया।

हत्या की वजह साफ नहीं, ग्रामीण भी अनभिज्ञ

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में आरोपी आकाश उर्फ ओमप्रकाश (40) पुत्र सूखाराम जाट और नाबालिग मृतका अक्षिता (16) के बीच किस बात को लेकर विवाद हुआ यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। आरोपी आकाश ने वारदात के बाद खेत में जाकर कीटनाशक का सेवन कर लिया था। जिससे अभी वह अचेत अवस्था में है। उसके होश में आने का पुलिस इंतजार कर रहे है। उससे पूछताछ के बाद ही वारदात के कारण स्पष्ट हो पाएंगे। उधर, ग्रामीणों से पूछताछ कर पुलिस ने वारदात की वजह पता लगाने का भी प्रयास किया। परन्तु ग्रामीणों ने भी इस मामले में अनभिज्ञता जताई है।

पुलिस ने तत्परता से की कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान ने बताया कि खुनखुना थाने को वारदात की सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस दल कल्याणपुरा गांव पहुंच गया। पुलिस की एक टीम ने आरोपी का पीछा किया और दूसरी टीम ने मृतका अक्षिता की घायल दादी तुलछा देवी को कुचामन अस्पताल पहुंचाया। पुलिस दल ने आरोपी की खेतों में तलाश शुरू की तो एक जगह कीटनाशक की खाली बोतल पड़ी मिल गई। इससे थोड़ी दूरी पर ही आरोपी आकाश अचेत अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस ने उसे भी तुरंत अस्पताल पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद आरोपी को सीकर रेफर किया गया है।

सामने बोल रही… चिल्लाता रहा

वारदात के समय घर पर अक्षिता की मां राधा देवी भी घर पर थी। पुलिस ने पूछताछ की तो पता चला कि आरोपी आकाश जोर-जोर से चिल्ला रहा था कि मेरे सामने बोलती है। इसके साथ ही कुल्हाड़ी से अक्षित पर वार कर उसकी हत्या कर दी। अक्षिता के दो बहने और एक भाई है। पिता भूराराम विदेश में रहता है। गांव में घर पर भूराराम की पत्नी राधा, बेटी अक्षिता और दो बच्चे तथा मां तुलछा देवी रहती है।

कुछ ही मिनट में घटनाक्रम

पुलिस ने बताया कि आकाश गुस्सैल प्रवृत्ति का बताया जा रहा है। पूरा घटनाक्रम चंद मिनट में ही हो गया। वारदात के बाद आकाश को गलती का अहसास हुआ तो वह खेतों की तरफ भाग गया और अपनी जान लेने की कोशिश की।

Updated on:
28 Oct 2026, 9:47 AM IST
Published on: