
कुचामनसिटी। आसपुरा रोड स्थित झालरा कुआं क्षेत्र में रविवार सुबह लंबे समय से चल रहे जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक ही परिवार के दो पक्षों के बीच शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। दोनों पक्षों ने लाठियों, सरियों और अन्य हथियारों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना में महिला, बुजुर्ग और युवाओं सहित कुल 11 लोग घायल हो गए, जबकि दो घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चला आ रहा था। रविवार सुबह इसी विवाद पर फिर कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई। हमले में कई लोगों के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आईं। आसपास के लोगों ने बीच-बचाव कर स्थिति शांत कराई और घायलों को तत्काल राजकीय अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में एक साथ बड़ी संख्या में घायलों के पहुंचने से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। परिजनों और ग्रामीणों की भीड़ के चलते पुलिस को अस्पताल में भी व्यवस्था संभालनी पड़ी। चिकित्सकों ने सभी घायलों का उपचार शुरू किया।
मारपीट में जमना देवी (60) पत्नी सुखाराम कुमावत, पप्पुराम कुमावत (25), सुनीता (23) , जगदीश (21), पन्नाराम कुमावत (70) , प्रभुदयाल (56), रामेश्वर लाल (45), बिमला देवी (38) पत्नी बालाराम कुमावत, रविराज (15) पुत्र बालाराम कुमावत, धनी देवी (65) पत्नी पन्नाराम, मोनू (19) पुत्र रामेश्वरलाल घायल हुए। इनमें पन्नाराम कुमावत और बिमला देवी की गंभीर चोटों के कारण उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया।
घटना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ परस्पर मुकदमे दर्ज कराए गए हैं। पुलिस का कहना है कि घायलों के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।