
अभी कुछ दिन पहले की ही तो बात है। नई किताबों को पाकर तमन्ना कितनी खुश हुई थी। बहुत सहेज कर रखे थे उसे अपने स्कूल बैग में। लेकिन आज उसकी जतन से रखी हुई किताबें फटी-फटी बिखरी हुई थी। हवा के झोंके कभी इनको उड़ा रहे थे तो कभी लोगों के पैरों के नीचे ये कुचले जा रहे थे। अमरजीत की पत्नी किरण तो बदहवाश अपने कलेजे के टुकड़ों की राह निहारते-निहारते बदहवाश हो जा रही थी। सुबह-सुबह ही तो तीनों बच्चों को तैयार कर स्कूल भेजा था। लेकिन कुछ ही पलों में कितना कुछ बदल चुका है। अब न तो तमन्ना अपनी किताबें सहेज कर रख सकेगी न ही किरण के कलेजे टुकड़ों की मुस्कान उनके घर आंगन में गूंजेगी।
मिश्रौली गांव के अमरजीत-किरण की तो मानों पूरी दुनिया उजड़ चुकी है। तीन बच्चे थे। तीनों स्कूल पढ़ने जा रहे थे लेकिन कुशीनगर जिले के दुदही के बहपुरवा मानवरहित क्र्रासिंग पर ट्रेन-वैन हादसे में तीनों की जान चली गई। दुदही बाजार के एक व्यवसायी राजेश गुप्ता बताते हैं कि हादसे की सूचना मिलते ही कुछ ही देर में वह पहुंच चुके थे। चारों ओर लाशें बिखरी हुई थी। चीख-पुकार मची हुई थी। वैन के परखच्चे उड़ गए थे। काफी बच्चे उसी में फंसे कराह रहे थे तो कई दम तोड़ चुके थे।
हादसास्थल से कुछ सौ मीटर दूर मकान बनवा रहे सुनील गौड़ बताते हैं कि वह मंजर जेहन से जाने का नाम नहीं ले रहा। जीवन में कभी ऐसा दृश्य नहीं देखा।
सुनील के जेहन में यूं ही वह हादसा घर नहीं कर गया है। कोई भी व्यक्ति उस मंजर को देख कुछ देर ही सही विचलित हो जाएगा। क्रासिंग के आसपास करीब दो सौ मीटर के दायरे में बिखरी किताबें, नन्हें-नन्हें पैरों से निकले जूते, रंग-बिरंगे स्कूल बैग भले ही धूल-धूसरित हो चुके थे लेकिन उनको देखकर सहज ही वह मंजर जेहन में कौंध जाए। मानों कह रहे कि अंकल, जरा संभलकर मेरी किताब आपके पैरों के नीचे न आ जाए। अंकल, मेरी बैग उठा दो।