कुशीनगर

Kushinagar News: लव मैरिज का दर्दनाक अंत! शादी के पांच माह बाद ही पति-पत्नी फंदे से लटके, परिजनों में कोहराम

Kushinagar suicide case: कुशीनगर के हनुमानगंज थानाक्षेत्र के जिंदा छपरा में फंदे से लटकता मिला प्रेमी-प्रेमिका का शव, परिजनों के मुताबिक दोनों ने 5 महीने पहले घर से भागकर की थी शादी।
2 min read
Jul 29, 2026
Up news, kushinagar news
शादीशुदा युगल ने किया सुसाइड( सोर्स: पत्रिका)

Couple Suicide: कुशीनगर जिले के हनुमानगंज थानाक्षेत्र में हैरान कर देने वाली घटना में लव मैरिज के पांच माह बाद ही पति-पत्नी ने फंदे से लटककर सुसाइड कर लिया। दोनों का शव बुधवार को गांव के बाहर पेड़ से लटका मिला। जानकारी के मुताबिक दोनों के बीच काफी दिनों से प्रेम संबंध था और बीते जनवरी माह में उनकी शादी हुई थी।

पेड़ से पति-पत्नी का शव लटका देख हड़कंप, परिजनों में कोहराम

अंतरजातीय विवाह से लड़की की मां हमेशा दोनों को कोसती रहती थी, जब बात बर्दाश्त के बाहर हो गई तब ताने से परेशान होकर पति-पत्नी ने सुसाइड कर लिया। खेत की तरफ निकले ग्रामीणों ने पेड़ से लटका दोनों का शव देखा तो सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतकों की पहचान हनुमानगंज थाना क्षेत्र के रितेश भारती पुत्र दयानिधि भारती निवासी ग्राम सभा जिंदा छपरा तथा पूजा शर्मा पुत्री गोपाल शर्मा निवासी खड्डा नगर के रूप में हुई है। दोनों की मौत की खबर मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया।

प्रेमी युगल ने जनवरी माह में किया था कोर्ट मैरिज

पुलिस ने बताया कि दोनों दिसंबर 25 में घर से चले गए थे फिर मामला हनुमानगंज थाने पहुंचा, जहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया और युवती अपने परिवार के साथ चली गई। बाद में दोनों परिवारों की सहमति बनने पर जनवरी में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के बाद पूजा करीब पांच महीने से रितेश के घर रह रही थी।

रितेश के पिता दयानिधि भारती गोरखपुर में घर बनाने का काम करते हैं। घटना के समय घर पर केवल उसके दादा-दादी मौजूद थे। परिजनों के मुताबिक रितेश गांव से बाहर जाने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने खेतों के बीच लीची के पेड़ पर दोनों के शव फंदे से लटकते देखे और पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा शव

घटना की जानकारी मिलते ही हनुमानगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। घटनास्थल का निरीक्षण किया और इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

लड़के के परिजनों के मुताबिक यह रिश्ता लड़की की मां को पसंद नहीं था और वह लड़की को घर लाकर दूसरी शादी करना चाहती थी। इस बात को लेकर दोनों पति-पत्नी मानसिक रूप से परेशान थे। पूजा भी मायके वापस नहीं जाना चाहती थी। परिजनों का दावा है कि इसी तनाव से आहत होकर दोनों ने यह कदम उठाया।

Updated on:
29 Jul 2026 06:37 pm
Published on:
29 Jul 2026 06:34 pm